मुजफ्फरनगर। भाजपा कार्यालय पर रविवार को जिलाध्यक्ष की घोषणा की गई। चुनाव अधिकारी पूरण लाल लोदी ने लखनऊ से व्हाट्सएप पर मिले नाम को सर्वाजनिक कर फिर जिलाध्यक्ष पद पर डा. सुधीर सैनी के नाम की घोषण की। जिलाध्यक्ष के नाम की घोषणा होते हुए पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं ने उनका माला पहनाकर स्वागत किया। पार्टी कार्यालय पर आतिशबाजी के साथ ढ़ोल-नगाड़ों पर समर्थकों ने नृत्य किया। उत्तर प्रदेश में भाजपा ने सभी जिलों में अपने जिलाध्यक्षों व महानगर अध्यक्षों की घोषणा की। इसके लिए पार्टी कार्यालयों पर कार्यक्रम हुआ, जिसका लाइव प्रसारण एलईडी के माध्यम से सभी जिलों में भी दिखाया गया। इसी कड़ी में रविवार को गांधीनगर स्थित भाजपा कार्यालय पर जिलाध्यक्ष घोषणा कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे वन एवं पर्यावरण राज्यमंत्री केपी मलिक का स्थानीय नेताओं ने स्वागत किया।
इससे पूर्व केंद्रीय मंत्री संजीव बालियान, राज्यमंत्री कपिल देव अग्रवाल, पूर्व पालिका चेयरमैन डा. सुभाष शर्मा, पूर्व विधायक उमेश मलिक आदि ने कार्यालय पर पहुंचे सैंकड़ों कार्यकर्ताओं की भीड़ का संबोधित किया। सभी ने इस दौरान भावी जिलाध्यक्ष का स्वीकार कर उनके दिशा-निर्देशन में संगठन का मजबूती देने की अपील की। एक घंटे से ज्यादा चले कार्यक्रम के बाद चुनाव अधिकारी पूरण लाल लोदी ने जिलाध्यक्ष के नाम की घोषणा करते हुए डा. सुधीर सैनी का नाम को ऐलान किया, जिसके बाद उनके स्वागत के लिए मंच पर भीड़ एकत्रित हुई। चुनाव अधिकारी ने डा. सुधीर सैनी को बरेली से मंगाया गया पटका पहनाकर जिम्मेदारी सौंपी। 35 दावेदारों को पछाड़कर डा. सैनी जिलाध्यक्ष बने। कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष डा. वीरपाल निर्वाल, पालिकाध्यक्ष मीनाक्षी स्वरूप पूर्व विधायक प्रमोद उटंवाल, जगदीश पांचाल, राहुल गोयल, जिंप सदस्य तरुण पाल, धनश्याम भगत, अभिषेक चौधरी, श्रीमोहन तायल आदि बड़ी संख्या में भाजपाई मौजूद रहे।
दो बार पहले भी जिलाध्यक्ष पद संभाल चुके डा. सैनी
भाजपा के जिलाध्यक्ष की कमान डा. सुधीर सैनी को दी गई। उन्हें लगातार दूसरी बार जिलाध्यक्ष की काम सौंपी गई है। इनसे पूर्व जिलाध्यक्ष रहे विजय शुक्ला से पहले भी डा. सुधीर सैनी ही जिलाध्यक्ष की कमान संभाल चुके है। तीसरी पर डा. सैनी पर जताए गए विश्वास को लेकर कुछ भाजपा नेताओं में अंदरूणी रूप से नाम रिपीट होने पर गहमागहमी रही।
भाजपा जिलाध्यक्ष के नाम की घोषणा होने के बाद पार्टी कार्यालय पर ढ़ोल बजे। भाजपाईयों ने फूल मालाएं पहनाकर उनका स्वागत किया। इस दौरान पार्टी कार्यालय के बाहर आतिशबाजी भी की गई। उधर, भाजपा जिलाध्यक्ष पद के लिए दावेदारी कर रहे कई वरिष्ठ भाजपा नेता कार्यक्रम में शुरूआत से नहीं दिखाई दिए। इसकी चर्चा भी कार्यकताओं में खूब रही कि नाम की घोषणा से पहले ही नाम पर चर्चा हो चुकी थी।