‘पत्रकारिता के मूल्यों पर खरे रहे गोविंद वर्मा’ – आर्य समाज द्वारा वरिष्ठ पत्रकार का अभिनंदन


मुजफ्फरनगर। आर्य समाज द्वारा बीते पांच दशक से जिले की पत्रकारिता में सक्रिय वरिष्ठ पत्रकार गोविंद वर्मा (संपादक दैनिक देहात) का अभिनंदन किया गया। आचार्य गुरुदत्त आर्य ने कहा कि सत्य और न्याय की आवाज पत्रकारिता का मूल उद्देश्य है।

संतोष विहार में वैदिक संस्कार चेतना केंद्र पर यज्ञ से कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ। वरिष्ठ पत्रकार गोविंद वर्मा को आचार्य गुरुदत्त आर्य द्वारा अंग वस्त्र और ग्यारह हजार की धनराशि भेंट की गई। आचार्य ने कहा कि स्वच्छ, निष्पक्ष पत्रकारिता के मूल्यों को गोविंद वर्मा ने जीवित रखा है। उनकी सेवाओं का समाज ऋणी है। राज्यपाल पदक से पुरस्कृत पूर्व प्रवक्ता गजेंद्र पाल सिंह तथा आर.पी.शर्मा ने कहा कि जिले में सामाजिक और राजनैतिक चेतना में दैनिक देहात अखबार की अहम भूमिका रही है। गोविंद वर्मा ने अपने पिता स्व. राजरूप सिंह वर्मा (संस्थापक संपादक ‘देहात’) की स्मृति में अनेक प्रेरक प्रसंग सुनाए। उन्होंने बताया कि वर्ष 1960 में पत्रकारिता प्रारंभ की तथा विषम परिस्थितियों के बावजूद पिता से मिले मूल्यों को नहीं छोड़ा।

इस अवसर पर जिला आर्य प्रतिनिधि सभा प्रधान आंनद पाल सिंह आर्य, मंगत सिंह आर्य, गजेंद्र सिंह राणा, जनेश्वर प्रसाद आर्य, पुष्पेंद्र आर्य आदि ने विचार रखे। सहदेव सिंह आर्य, ईश्वर सिंह, वेदपाल सिंह, राजवीर सिंह भौंरा, पूर्व प्रधानाचार्य विजय कुश आदि का सहयोग रहा। संचालन आर.पी. शर्मा ने किया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here