मुजफ्फरनगर में ऑनर किलिंग: ब्यूटी पार्लर से लौट रही बहन को बीच चौराहे मारी गोली

मुजफ्फरनगर में बकरीद के एक दिन पहले ऑनर किलिंग की वारदात सामने आई है। यहां बुधवार को भाइयों ने बीच चौराहे पर बहन की गोली मारकर हत्या कर दी। युवती ने गांव के ही लड़के से दो साल पहले लव मैरिज कर ली थी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है।

मृतका के देवर ने कहा कि भाभी के घर वालों ने पहले ही धमकी दी थी कि अगर वो शादी के बाद घर लौटीं तो उन्हें मार देंगे। 20 दिन पहले भी यही धमकी दी गई थी। इसके बाद उनकी गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना बुढ़ाना कोतवाली क्षेत्र के गांव अलीपुर अटेरना की है।

ब्यूटी पार्लर में काम करती थी फरहाना

फरहाना ने 2 साल पहले गांव के ही शाहिद से लव मैरिज कर ली थी। इसके चलते परिजन उससे नाराज चल रहे थे। परिजनों ने दोनों को गांव में न आने की धमकी दी थी। इसके बाद पति-पत्नी गांव छोड़कर चले गए थे। अभी 20 दिन पहले ही दोनों गांव लौटे थे। यहां गांव में फरहाना ने ब्यूटीशियन का काम करना शुरू कर दिया था। वो एक ब्यूटी पार्लर में काम करने लगी।

रास्ते में रोक कर मारी गोली
बुधवार शाम फरहाना ब्यूटी पार्लर से वापस घर लौट रही थी। आरोप है कि इसी दौरान उसके भाइयों ने उसे रोका। पहले उससे बातचीत की फिर गोली मारकर हत्या कर दी। सूचना मिलने के बाद क्षेत्राधिकारी विनय गौतम भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। वहां मौजूद देवर सलीम ने पुलिस से कहा, ”फरहाना के भाइयों सलमान, फरमान, नोमान और मेहरबान ने उसे चारों तरफ से घेर लिया। इन सभी ने भाभी को गोली मारी।”

दो टीमों का किया गया गठन, की जा रही छापेमारी
सीओ बुढ़ाना विनय गौतम ने कहा, ”अलीपुर अठेरना की रहने वाली फरहाना ने यहीं के लड़के के साथ 2021 में लव मैरिज की थी। युवक भी इन्हीं की बिरादरी का है। बाद में इन्होंने कोर्ट मैरिज की। लड़की के परिजन इस शादी से नाराज थे। दोनों परिवारों को समझाया गया था।”

विनय गौतम ने बताया, ”शादी के बाद से परिवार के लोग अंदर से रंजिश रखे हुए थे। बुधवार को भाइयों ने वारदात को अंजाम दिया। हत्या में 5-6 लोगों के नाम सामने आए हैं। पुलिस मुकदमे के लिए तहरीर का इंतजार कर रही है। पुलिस की दो टीम बना दी गई है, जो आरोपियों की गिरफ्तारी का प्रयास कर रही है।”

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here