मुजफ्फरनगर। सरकारी जमीन को कब्जा मुक्त कराने की मांग को लेकर मास्टर विजय सिंह 27 साल से धरने पर बैठे हैं। भ्रष्टाचार के खिलाफ विजय सिंह के इस लंबे संघर्ष को देखते हुए उन्हें भीम योद्धा अवार्ड दिया गया है। यह अवार्ड जम्मू कश्मीर की पैंथर्स पार्टी के अध्यक्ष रहे प्रोफेसर भीम सिंह की स्मृति में दिया गया है।
जम्मू कश्मीर की पैंथर्स पार्टी के अध्यक्ष प्रोफेसर स्वर्गीय भीम सिंह की स्मृति में भीम योद्धा अवार्ड प्रारंभ किया गया है। सबसे पहला पुरस्कार 27 साल से धरने पर बैठे मास्टर विजय सिंह को यह पुरस्कार दिया गया है। पूर्व जज ओपी सपरा, भीम ब्रिगेड के संरक्षक सुशील खन्ना एवं अध्यक्ष राजीव खोसला ने दिल्ली में गांधीनगर के एसएसएस स्टूडियो में उन्हें यह अवार्ड प्रदान किया। अध्यक्ष राजीव खोसला ने बताया कि यह पुरस्कार गरीब जनता के लिए न्याय और अधिकार की लड़ाई लड़ने वाले व्यक्ति को दिया जाता है। विजय सिंह लंबे समय तक जिला कचहरी और उसके बाद शिवचौक पर लंबे धरने पर बैठे हैं। वह सिस्टम के खिलाफ लंबी लड़ाई लड़ रहे हैं।