मुजफ्फरनगर: उफान पर सोलानी, गांवों के रास्तों पर भर गया पानी

पुरकाजी (मुजफ्फरनगर)। पहाड़ी और मैदानी क्षेत्र में लगातार हो रही बारिश के चलते सोलानी नदी उफान पर है। किसानों की सैकड़ों बीघा फसल जलमग्न हो गई। खादर क्षेत्र के कई गांवों के संपर्क मार्ग पर पानी भर गया है, जिससे आवागमन में कठिनाई होने लगी है।

बृहस्पतिवार की रात से शुक्रवार सुबह तक लगातार बारिश होने और उत्तराखंड से पानी छोड़े जाने से सोलानी नदी में पानी बढ़ गया है। पानी नदी के पास के खेतों भर गया है। कई गांवों के रास्तों पर आ गया है। फसलें पानी में डूब गई हैं। पुरकाजी क्षेत्र के रामनगर, रजगल्लापुर, शेरपुर नंगला गांवों के रास्तों पर आ जाने से ग्रामीणों का आवागमन प्रभावित हो गया है।

क्या कहते हैं ग्रामीण

ग्रामीण जसविंदर सिंह ज्ञानी, सतनाम सिंह, राजेंद्र पांचाली, राजू प्रजापति, साधु राम, याद राम प्रजापति का कहना है कि ज्यादा पानी होने के कारण ग्रामीण नदी पार नहीं कर पा रहे हैं। इससे ग्रामीणों के खेतों पर ना पहुंचने के कारण पशुओं के लिए चारे की समस्या भी उत्पन्न हो गईं है। खेतों में पानी भरने से गन्ने और धान की फसलें बर्बाद हो जाएंगी।

नाव का इंतजाम नहीं होने से ग्रामीण परेशान

सोलानी नदी पर नाव का इंतजाम नहीं होने से ग्रामीणों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। रजगल्लापुर रामनगर, शेरपुर नगला, रतनपुरी के ग्रामीणों ने बताया कि नदी में करीब 14 फुट पानी है। नदी पार करना संभव नहीं है। इससे खेतों पर नहीं जा पाने के कारण पशुओं के लिए चारे की समस्या आ गई है। क्षेत्रीय लेखपाल प्रदीप सैनी का कहना है कि क्षेत्र में ज्यादा बारिश होने से नदी में पानी बढ़ गया है। ग्राम प्रधान को नदी के पास नाव का इंतजाम करने के लिए कहा गया है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here