मुजफ्फरनगर: न्याजूपुरा के मृतकों को मिलेंगे चार-चार लाख, मकान की छत गिरने से हुई थी मौत

मुजफ्फरनगर। तेज बारिश के चलते न्याजूपुरा में मकान की छत गिरने से मृतक मॉ-बेटी के परिजनों को चार-चार लाख की मदद मिलेगी। जिला प्रशासन की संस्तुति पर शासन ने आर्थिक मदद जारी की है। ध्वस्त मकान बनवाने के लिए भी 1.20 लाख दिया जाएगा।

उप जिलाधिकारी सदर परमानंद झा ने बताया कि शनिवार की रात तेज बारिश के बीच न्याजूपुरा में मकान की छत गिर गई थी। इस हादसे में मानसी (6), उसकी मां कविता (26) की मौत हो गई थी। कविता का पति अक्षय घायल हो गया था। परिवार में दो लोगों की मौत की जानकारी शासन को दी गई थी। शासन ने परिवार की आर्थिक मदद करते हुए प्रत्येक मृतक के परिजनों को चार-चार लाख की स्वीकृति दी है।

मकान के गिरने की रिपोर्ट जेई द्वारा तैयार की जा रही है। इस रिपोर्ट के बाद मकान बनाने के लिए 1.20 लाख रुपया अलग से जारी किया जाएगा।

– सलेमपुर के परिजनों ने आर्थिक मदद से इंकार किया
शहर से सटे सलेमपुर गांव में महावीर सिंह का आठ वर्षीय बेटा बरसात के पानी के गड्ढे में डूब गया था। एसडीएम सदर ने मृतक का पोस्टमार्टम कराने की बात की तो परिजनों ने मना कर दिया। एसडीएम परमानंद झा ने बताया कि परिजनों ने लिखकर दे दिया कि उन्हें किसी प्रकार की कोई आर्थिक मदद नहीं चाहिए। बिना पोस्टमार्टम के सरकार से आर्थिक मदद नहीं मिलती है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here