मुज़फ्फरनगर: लापता युवक की बरामदगी के लिए महिलाओं ने किया हंगामा

मीरापुर। रामराज थाना क्षेत्र के नया गांव से तीन दिन लापता हुए युवक आस मोहम्मद की बरामदगी के लिए परिजनों और ग्रामीणों ने हंगामा किया। महिलाओं ने रास्ते पर सांकेतिक जाम भी लगाया। पुलिस ने दो युवकों को हिरासत में लेकर उनकी निशानदेही पर बूढ़ी गंगा झील में युवक तलाश की लेकिन सफलता नहीं मिली। दोनों दोस्तों का कहना है कि मछली पकड़ने के दौरान आस मोहम्मद गहरे पानी में डूब गया था।

रामराज के नया गांव निवासी आस मोहम्मद (35) तीन दिन पहले गांव निवासी अपने दो दोस्तों के साथ घर से गया था। इसके बाद से वह घर नहीं लौटा। शनिवार को आस मोहम्मद के कपड़े बूढ़ी गंगा झील के समीप मिले। सूचना पर पहुंची पुलिस ने लापता युवक के दोनों दोस्तों को हिरासत में लेकर पूछताछ की।

दोनों ने पुलिस को बताया कि उन्होंने झील में मछली पकड़ने के लिए जाल लगाया था। मछली पकड़ते समय आस मोहम्मद गहरी झील में चला गया और डूब गया। पुलिस ने दोनों की निशानदेही पर आस मोहम्मद की झील में तलाश कराई लेकिन सफलता नहीं मिली। इससे गुस्साए ग्रामीणों ने मौके पर हंगामा शुरू कर दिया। महिलाओं ने मार्ग पर सांकेतिक जाम लगाया।

पुलिस ने बमुश्किल समझाकर शांत कराया। जाम की सूचना पर मीरापुर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। गांव में पुलिस तैनात की गई है। एसओ रामराज सुनील शर्मा का कहना है कि लापता युवक की गोताखोरों की मदद से झील में तलाश कराई जा रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here