भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा, प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सहित प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्रदेव सिंह रविवार को एटा में ब्रज की चुनावी रणनीति बना रहे हैं। जीटी रोड स्थित सैनिक पड़ाव में ब्रज प्रांत के बूथ अध्यक्ष सम्मेलन में कार्यकर्ताओं को संबोधित करने के लिए रविवार सुबह सबसे पहले जेपी नड्डा पहुंचे। वहीं दोपहर को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पहुंचे। जेपी नड्डा के साथ-साथा केंद्रीय मंत्री प्रो.एसपी सिंह बघेल और उत्तर प्रदेश के कैबिनेट मंत्री चौधरी लक्ष्मी नारायण भी एटा में पहुंचे और कार्यकर्ताओं में जोश भरा।
योगी आदित्यनाथ ने की तारीफ
जीटी रोड स्थित सैनिक पड़ाव के मंच से मुख्यमंत्री ने कोरोना प्रबंधन पर देश और प्रदेश की तारीफ की बात की। योगी आदित्यनाथ ने कहा रुस, यूरोप और चीन में कोरोना बढ़ रहा है। लेकिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कोरोना का बेहतरीन प्रबंधन किया है। कोरोना संक्रमण के दौर में भाजपा ने काम किया। कांग्रेस पार्टी, बहुजन समाजवादी पार्टी और बबुआ कहां थे। सभी होम क्वारंटीन थे और दुष्प्रचार कर रहे थे। अन्न योजना का शुभारंभ हो गया है। भाजपा के 28 हजार बूथों के कार्यकर्ता सम्मेलन में नहीं महारैली में आए हैं। बूथ अध्यक्ष वैक्सीन दिलाने का संकल्प लें।
योगी सरकार ने विपक्ष पर जोरदार हमला बोला। कहा कि पिछली सरकारों की नियत खराब थी। माफिया के पास जाता था और गरीब देखता रह जाता था। पहले माफिया हावी था, आज पुलिस माफिया पर हावी है। माफिया जान बचाने के लिए मारा-मारा फिर रहा है। विपक्ष सपने में खोया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि महिला-बेटियों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा रही है। विकास के बडे़-बड़े कार्य हो रहे हैं। 18 तारीख को पीएम मोदी गंगा एक्सप्रेसवे की आधारशिला रखेंगे। कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार सर्वांगीण विकास कर रही है। बूथ जीता तो 325 प्लस भारतीय जनता पार्टी करेगी। कार्यकर्ताओं से पूछा कि राम मंदिर सपा की सरकार में बन जाता। काशी का विकास नहीं हो पाता। आस्था का सम्मान भाजपा सरकार ने किया।
जेपी नड्डा ने कार्यकर्ताओं को दिया मंत्र
जेपी नड्डा ने संबोधन में कहा कि देश की जनता को बताना चाहते हैं कि जनसैलाब कोई जनसभा नहीं है कार्यकर्ता सम्मेलन है। बूथ के अध्यक्षों को बधाई दी। नड्डा ने कहा कि केंद्र और प्रदेश ने जो वादा किया था उसे करके दिखाया है। नेतृत्व ने जो काम किया उसमें करोड़ों कार्यकर्ताओं ने कोरोना में लोगों की सेवा की। बूथ अध्यक्ष के जो नेता यहां है वे भी मंच पर बैठेंगे ये काम भाजपा ने किया है। परिवारवाद और वंशवाद पर निशाना साधते हुए विपक्ष पर हमला बोलते हुए कहा कि जम्मू-कश्मीर से लेकर बंगाल तक पार्टियों में क्षेत्रवाद और वंशवाद हावी है। सभी वोटबैंक की राजनीति करते हैं। जिन्ना के नाम पर कोई जी रहा है। लेकिन भाजपा सबका साथ सबका विकास के साथ चलती है।
एक विधान एक संविधान और एक प्रधान हो गया है। कश्मीर में भाजपा ने ही 370 को समाप्त कर दिया। तीन तलाक को भाजपा ने खत्म किया। अखिलेश पर प्रहार करते हुए कहा कि राम मंदिर उनकी सरकार में नहीं बनता।
किसान हितैषी है भाजपा
पूर्व की सरकारें किसानों के साथ छलावा करती थीं। किसान ऋण माफी के नाम पर थोड़ा सा लोन माफ होता था। आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने किसान सम्मान निधि प्रदान की। किसान के घर पर नीम कोटेड यूरिया पहुंचाने का काम किया। उत्तर प्रदेश में योगी सरकार ने गन्ना किसानों का भुगतान किया। गन्ना किसानों का अखिलेश सरकार द्वारा किया गया उधार 11 हजार करोड़ योगी सरकार ने भुगतान किया। चीनी मिलें मायावती और अखिलेश की सरकार में बंद हुई। योगी सरकार ने इन्हें शुरू किया।
एटा में मेडिकल कॉलेज दिया था
स्वास्थ्य मंत्री के कार्यकाल के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यकाल में एटा में मेडिकल कॉलेज देने का सौभाग्य मिला। आगरा में मेट्रो का काम शुरू हुआ। केंद्र की योजनाओं के बारे में बूथ अध्यक्षों से पूछताछ की। सोच ईमानदार है काम दमदार है। हम गन्ना की बात करते हैं उनके मुंह से जिन्ना निकलता है। कुर्सी की खातिर सरदार पटेल की जगह जिन्ना का जिन्न निकल जाता है। इस जिन्न को वापस बोतल में डालने का काम 28 हजार बूथ अध्यक्ष डालेंगे। सपा पर हमलावर होकर कहा कि नई सपा नहीं है कैराना आदि दंगों का जिक्र दिया। न नेता, न नीति और न नीयत है, सोते समय सिर्फ कुर्सी दिखती है। कार्यकर्ताओं में जोश का संचार करते हुए कहा कि हमें रुकना नहीं है, झुकना नहीं है थकना नहीं है।
मंत्रियों ने किया कार्यकर्ताओं को संबोधित
राष्ट्रीय अध्यक्ष सुबह 11 बजे सैनिक पड़ाव पहुंचे। उन्होंने सबसे पहले जिला विस्तारकों के साथ बैठक की। वहीं केंद्रीय मंत्री प्रो. एसपी सिंह ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि हमारे मुख्यमंत्री के पास दो बुलडोजर हैं। एक से सड़क बनाते हैं और एक से माफिया को ध्वस्त करते हैं।
लक्ष्मीनारायण चौधरी ने भी भरी हुंकार
उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री चौधरी लक्ष्मी नारायण ने कहा पूर्व की सपा सरकार पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि उनकी सरकार में कांवड़ियों पर गोली चलाई गई, अयोध्या में सरयू का पानी लाल कर दिया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथी की सरकार में कावड़ियों पर हेलीकॉप्टर से पुष्पवर्षा हुई और राम मंदिर बन रहा है।
बारीकियां सीखेंगे पदाधिकारी
बूथ सम्मेलन में भाजपा ने ब्रज प्रांत के 12 जिलों के 28,233 बूथ अध्यक्षों को बुलाया गया है। इनको आला पदाधिकारी और मुख्यमंत्री आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर बारीकियां सिखाएंगे। बूथ अध्यक्ष सम्मेलन के बाद जिलाध्यक्षों, जिला प्रभारियों, विधानसभा प्रभारियों और विधानसभा पालकों के साथ बैठक की जाएगी।