शहर पश्चिमी के मतदान केंद्र गौसिया स्कूल के पास झोले में बम फटने से एक युवक की मौत हो गई। हादसे में एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना से इलाके में अफरातफरी मच गई है। मौके पर पुलिस पहुंच गई है। घटना को लेकर तरह-तरह के कयास लगाए जा रहे हैं।
गौसिया स्कूल के पास एक युवक साइकिल से जा रहा था। इसी दौरान उसके झोले में रखा बम तेज आवाज के साथ फट गया। इससे युवक के चिथड़े उड़ गए। हादसे में एक युवक गंभीर रूप से घायल भी हो गया है। घटना स्थल से कुछ ही दूरी पर मतदान केंद्र है, जहां पर बड़ी संख्या में लोग वोट देने के लिए जुटे थे। घटना के बाद मौके पर पुलिस पहुंच गई। मृतक का नाम अर्जुन निवासी रामगढ़ कोरांव बताया जा रहा है। उसके साथ चचेरा भाई संजय भी था। संजय गंभीर रूप से घायल है, जबकि अर्जुन की मौके पर ही मौत हो गई। बताया जाता है कि दोनों एक ही साइकिल पर सवार थे। झोले में विस्फोटक पदार्थ था। अचानक संतुलन बिगड़ने के बाद दोनों जमीन पर गिर पड़े। इसी दौरान झोले में तेज आवाज के साथ विस्फोट हो गया।पुलिस का कहना है कि यह दोनों विस्फोटक लेकर कहां जा रहे थे यह अभी स्पष्ट नहीं हो पा रहा है। घायल युवक से पूछताछ की जा रही है। घटना स्थल से पुलिस ने एक संदिग्ध युवक को हिरासत में ले लिया है।