प्रियंका गांधी ने अखिलेश यादव पर साधा निशाना, कहा- उनकी राजनीति सिर्फ ट्विटर तक सीमित

यूपी के लखीमपुर में हिंसा भले ही थम गई हो लेकिन नेताओं का एक-दूसरे पर जुबानी हमला थमने का नाम नहीं ले रहा। इसी जुबानी जंग में अब अखिलेश यादव को प्रियंका गांधी वाड्रा ने जवाब दिया है। प्रियंका गांधी वाड्रा ने समाजवादी पार्टी के सुप्रीमो अखिलेश यादव पर पलटवार किया है। एक निजी चैनल से बात करते हुए प्रियंका ने कहा कि अखिलेश यादव की राजनीति सिर्फ ट्विटर तक है। उन्होंने कहा कि अखिलेश सड़कों पर कहां निकलते हैं। उन्होंने कहा कि मैं हमेशा जनता के दुख दर्द में साथ रहती हूं। प्रियंका ने कहा कि सरकार को नैतिक जिम्मेदारी लेनी चाहिए। उन्होंने कहा कि मृतक किसानों के परिजनों को पैसा नहीं, न्याय चाहिए।

बता दें कि पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा पर निशाना साधा था। अखिलेश ने प्रियंका से जुड़े सवाल पर दो टूक कहा कि प्रियंका कमरे में बंद थीं इसलिए वो हमारा संघर्ष नहीं देख पाईं। दरअसल, सीतापुर में प्रियंका ने हिरासत में जाने के बाद यूपी की दो बड़ी पार्टियों पर तंज कसते हुए कहा था कि समाजवादी पार्टी और बहुजन समाज पार्टी मैदान में संघर्ष करती हुई नहीं दिखती। जिसके जवाब में अखिलेश यादव ने पलटवार करते हुए कहा  था कि वो कमरे में बंद थी इसलिए उन्हें नहीं पता होगा कि सबसे ज्यादा संघर्ष समाजवादियों ने ही किया है। सबसे ज्यादा लाठी समाजवादियों को पड़ी हैं। इसलिए किसी को टिप्पणी करने की जरूरत नहीं है कि कौन क्या कर रहा है। ये आपको बताना चाहिए कि आप क्या कर रहे हैं। दूसरी पार्टियों के नेताओं पर ऊंगली उठाने का आपको कोई हक नहीं है। 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here