रायबरेली जिले के डीह थाना क्षेत्र की रहने वाली एक विवाहिता के साथ सके ससुर ने दुष्कर्म किया। थाने में शिकायत करने के बाद भी पुलिस ने प्रकरण में केस दर्ज नहीं किया है। इससे पीड़िता को न्याय नहीं मिल पा रहा है।
डीह थाना क्षेत्र की रहने वाली 25 वर्षीय युवती का आरोप है कि उसकी शादी मिल एरिया थाना क्षेत्र के एक गांव से हुई है। 31 अक्तूबर को उसके ससुर उसके घर आए और उसके साथ दुष्कर्म किया। विरोध करने पर जानमाल की धमकी दी। पीड़िता का कहना है कि थाने में उसने घटना की तहरीर दी लेकिन पुलिस मामले में सुलह समझौता कराने का दबाव बना रही है। इससे उसे न्याय नहीं मिल पा रहा है।
पीड़िता ने एसपी से भी मामले में ससुर के खिलाफ दुष्कर्म का केस दर्ज करके कार्रवाई की मांग की है। पुलिस अधीक्षक आलोक प्रियदर्शी ने बताया कि विवाहिता एक साल से अपने पति के साथ अलग मायके में रह रही है। दहेज को लेकर विवाहिता और ससुराल पक्ष के बीच विवाद चल रहा है। जांच में विवाहिता के साथ दुष्कर्म होने की बात सामने नहीं आई है। दहेज को लेकर दोनों पक्षों के चल रहे विवाद को लेकर जांच कराई जा रही है। दोनों पक्षों को थाने भी बुलाया गया है। मामले में उचित कार्रवाई कराई जा रही है।