उत्तर प्रदेश के शामली में गुरुवार को किसानों ने नलकूपों पर मीटर लगाने के विरोध में चौसाना बिजलीघर पर अवर अभियंता को बंधक बना लिया। इसके बाद दौरान किसानों ने चौसाना बिजलीघर पर धरना प्रदर्शन शुरू कर दिया। किसानों ने कहा कि सरकार किसानों का शोषण कर रही है। सरकार ने फ्री बिजली देने का वादा किया था। नलकूपों पर मीटर नहीं लगने दिए जाएंगे।
जानकारी के अनुसार नलकूपों पर मीटर लगाने के विरोध में किसानों ने चौसाना बिजलीघर पर धरना शुरू कर दिया। उन्होंने अब तक लगे मीटर हटाने की आवाज बुलंद की। भविष्य में मीटर न लगाने की मांग की। धरने में कुछ किसान अपने नलकूपों पर लगे मीटर लेकर पहुंचे।
किसानों ने सिकंदर सिंह यादव को भी बंधक बनाकर अपने बीच बैठा लिया। किसानों ने कहा कि सरकार ने किसानों को नलकूपों पर मुफ्त बिजली देने का वादा किया था। अब अपने वादे से मुकर गई है। किसानों का शोषण करने के उद्देश्य से नलकूपों पर मीटर लगाए जा रहे हैं। गन्ना भुगतान न होने पर किसान पहले से ही परेशान हैं। नलकूपों पर मीटर किसी भी कीमत पर नहीं लगने दिए जाएंगे।