बरेली में नगर निकाय चुनाव के लिए पोलिंग पार्टियों की रवानगी के दौरान बुधवार को हंगामे की पैदा स्थिति हो गई। सपा समर्थित मेयर प्रत्याशी डॉ. आईएस तोमर ने चुनाव में धांधली का आरोप लगाया। उनका कहना है कि ईवीएम में सिर्फ एक ही बटन दब रहा है। वहीं हंगामे की सूचना मिलते ही फोर्स के साथ प्रेक्षक, डीएम और एसएसपी रवानगी स्थल बरेली कॉलेज पहुंचे। उन्होंने लोगों को शांत कराया।
नगर निकाय चुनाव को लेकर गुरुवार को मतदान है। बरेली नगर निगम में मेयर और पार्षद का चुनाव ईवीएम से होना है। बुधवार को मतदान केंद्रों के लिए पोलिंग पार्टियों की रवानगी से पहले ईवीएम की जांच की गई। सपा समर्थित मेयर प्रत्याशी डॉ. आईएस तोमर ने चुनाव में धांधली का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि ईवीएम में सिर्फ एक बटन दब रहा है। यह धांधली नहीं है तो क्या है। तोमर ने कहा कि वो प्रेसवार्ता में अपनी बात रखेंगे।
पोलिंग पार्टियां रवाना हुईं
बरेली जिले में बुधवार सुबह 10 बजे से पोलिंग पार्टियों की रवानगी शुरू हो गई। रवानगी से पहले पोलिंग पार्टियों को ईवीएम और मतपत्र सौंपे गए। बरेली में अबकी बार नगर निगम के मेयर, पार्षद का चुनाव 8,47,763 मतदाता करेंगे। निकायों के अध्यक्ष और सदस्य पदों के लिए 4,84,413 मतदाता वोट डालेंगे। निकाय चुनाव के लिए जिले में 340 मतदान केंद्र बने हैं। इनमें 1195 मतदेय स्थल बनाए गए हैं।
जिले में 67 निर्वाचन अधिकारी, 106 सहायक निर्वाचन अधिकारी समेत 5430 मतदान कार्मिकों की ड्यूटी लगाई है। मतदान कार्मियों को मतदान के बाद ईवीएम और मत पेटियां सील कर कड़ी सुरक्षा घेरे के बीच स्ट्रांग रूम में जमा करना होगा। सुरक्षा के लिहाज से पुलिस समेत खुफिया विभागों को भी सक्रिय किया गया है। कड़ी सुरक्षा के बीच मतदान कराया जाएगा।