फर्रूखाबाद में दो सहेलियों की संदिग्ध मौत अखिलेश ने भाजपा सरकार की चुप्पी पर उठाए सवाल

फर्रुखाबाद जिले में मंगलवार (27 अगस्त) को दो युवतियों के शव गांव के बाहर पेड़ पर दुपट्टे के फंदे से लटके मिले। समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव ने प्रदेश की भाजपा सरकार से इस मामले में न्याय की गुहार की। अब सपा प्रमुख ने एक्स पर पोस्ट कर मामले में भाजपा सरकार की चुप्पी को लेकर सवाल किए हैं।

भाजपा सरकार की चुप्पी विचलित कर रही- अखिलेश यादव

सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने कहा, ‘फर्रूखाबाद में दो बालिकाओं की संदिग्ध मौत के मामले में भाजपा सरकार की चुप्पी विचलित करने वाली है। शायद इसकी दोहरी वजह है, एक तो भाजपा का स्त्री विरोधी कुविचार व रवैया और दूसरा उनका  दलित होना। समाजवादी पार्टी इस संदर्भ में एक प्रतिनिधिमंडल भेजकर सांत्वना के साथ-साथ इंसाफ के लिए आवाज उठाएगी।’

उन्होंने आगे कहा, ‘भाजपा सरकार से जनता को कोई भी उम्मीद शेष नहीं बची है। भाजपा जब भी महिलाओं के मुद्दे उठाती है तो उसके पीछे केवल और केवल राजनीतिक फायदा होता है। इसीलिए वो विपक्ष शासित राज्यों में आवाज उठाती है लेकिन भाजपा शासित राज्यों में महिला-अपराधों के मामले में मुंह, आंख, कान और नैतिकता के सभी दरवाजे बंद करके बैठ जाती है।’

दोनों सहेलियों को दी गई अंतिम विदाई

दो सहेलियों के साथ-साथ रहने पर उनकी अंतिम विदाई भी साथ-साथ दी गई। एक ही चिता पर दोनों के शव रखकर अंतिम संस्कार किया गया। दो सहेलियों की मौत पर पूरा गांव रोया। अंतिम संस्कार के दौरान अटैना घाट पर गहमा गहमी की स्थिति बनी रही। वहीं पुलिस बल भी मुस्तैद रहा।

एक चिता पर दोनों का किया अंतिम संस्कार

बुधवार सुबह पुलिस बल की सुरक्षा में कायमगंज के एक गांव निवासी युवती और उसकी सहेली का शव अटैनाघाट पर लाया गया। घाट पर पहले से ही थाने का पुलिस बल तैनात था। दोनों का अंतिम संस्कार करने के लिए एक ही चिता बनाई गई। उसी चिता पर दोनों के शवों का अंतिम संस्कार किया गया।

स्वजन ने कहा कि दोनों सहेली हमेशा साथ-साथ ही रहती थीं। इसलिए दोनों का अंतिम संस्कार एक ही चिता पर किए गए। जिससे दोनों साथ-साथ रहें। वहीं अटैनाघाट पर अंतिम संस्कार के दौरान गहमा गहती की स्थिति बनी रही।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here