दोस्तों को बताई दिल की बात और फिर किशोर ने उठाया खाैफनाक कदम

मेरठ के एक मोहल्ले में 17 साल के लड़के ने माता-पिता के झगड़े से तंग आकर जान दे दी। उसका शव मकान के जाल में फंदे पर लटका मिला। किशोर की मौत से परिवार में कोहराम मच गया। लोगों ने बताया कि पति और पत्नी में काफी समय से झगड़ा चल रहा था। इस कारण महिला अपने मायके चली गई थी। मां के न आने से लड़का परेशान था और उसने यह कदम उठा लिया।

मोहल्ला निवासी किशोर शनिवार को घर में अकेला था। पिता ई-रिक्शा चलाते हैं। किशोर के चाचा का एक्सीडेंट हो गया था। उसके पिता अपने भाई को देखने के लिए मुजफ्फरनगर गए थे। रविवार दोपहर पिता घर पहुंचे और दरवाजा खटखटाया। लेकिन काफी देर तक दरवाजा नहीं खुला। पड़ोसी की छत से देखा तो बरामदे के जाल में किशोर का शव फंदे से लटका था। 

सूचना पर थाना प्रभारी सुभाष सिंह मौके पर पहुंचे तथा शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पड़ोसियों के मुताबिक, उक्त किशोर के माता-पिता में  विवाद चल रहा है। किशोर की बड़ी बहन की शादी हो गई है। छोटी बहन भी रिश्तेदारी में गई हुई थी।

रविवार को किशोर ने फोन कर मां से घर लौट आने के लिए कहा था। लोगों के मुताबिक महिला ने घर आने से साफ इन्कार कर दिया। इकलौते बेटे की मौत से पिता भी सुधबुध खो बैठे। फोरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की। किशोर दोस्तों से कहता था कि मां के बिना मन नहीं लगता। उसने दसवीं के बाद स्कूल जाना भी छोड़ दिया था।

परिजन इन बातों का रखें ख्याल
– किसी बात पर डांटने के आधा घंटे बाद उसे दुलारें, समझाएं।
– किशोरों की शारीरिक, बौद्धिक स्तर पर टिप्पणी न करें।
– जिद नहीं, जरूरत पूरी करें, ऐसा न करने पर किशोरावस्था में ना सुनने की आदत नहीं रहती।
– पढ़ाई के लिए प्रोत्साहित करें, लेकिन अंक प्रतिशत पर सवाल न उठाएं।

…हो जाएं सावधान
– गुमसुम रहे, ज्यादा गुस्सा करे, बातचीत कम करे।
– भूख कम लगे, दिनचर्या प्रभावित होने लगे।

किशोर का शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अभी पुलिस जांच कर रही है। जो भी तथ्य सामने आएंगे उसी आधार पर कार्रवाई की जाएगी। – कमलेश बहादुर, एसपी देहात

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here