सपा अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने चीन से आयातित सामानों पर भारत की बढ़ती निर्भरता को लेकर चिंता जताई है। उनका कहना है कि इससे देश के उद्योग, कारखाने और दुकानें प्रभावित हो रही हैं और बेरोजगारी भी तेजी से बढ़ रही है।
अखिलेश यादव ने बयान में कहा कि चीन अपने उत्पाद पहले भारत के बाजारों में भर देगा और धीरे-धीरे इस पर निर्भरता इतनी बढ़ जाएगी कि भाजपा के नेता उनकी हर गतिविधि को नजरअंदाज करने को मजबूर हो जाएंगे। उनका कहना है कि चीन भारतीय उद्योगों को बंद करवाने की दिशा में काम कर सकता है और फिर मनमाने दामों पर सामान की आपूर्ति करेगा।
उन्होंने यह भी कहा कि यदि भाजपा और उसके नेता यह समझ नहीं पा रहे हैं तो उन्हें देश के क्षेत्रफल पर ध्यान देना चाहिए और बताना चाहिए कि सत्ता में आने के समय देश की कुल भूमि जितनी थी, क्या अब भी उतनी ही है या कुछ हिस्सों पर चीन का कब्जा हो गया है।