सपा के मुखिया अखिलेश यादव लगातार अहंकारपूर्ण बयान देते रहते हैं। उन्हें अपमानजनक शब्दों का प्रयोग करने की आदत है। वे सैफई वाले परिवार को ही सिर्फ पिछड़ा मानते हैं। ये बातें गुरुवार को विकास कार्यों की समीक्षा करने मुरादाबाद आए उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहीं।
पत्रकार वार्ता के दौरान उपमुख्यमंत्री सपा पर जमकर बरसे। उन्होंने कहा कि सपा के नेता अखिलेश यादव जहर उगलने का काम करते हैं। उनका बस चले तो वे सभी स्थानों से उनको हटा दें। सपा अब समाप्तवादी पार्टी बनती जा रही है। सपा एक डूबता जहाज है। प्रदेश की राजनीति में उनका कोई भविष्य नहीं है। उनके साथ जनता नहीं है। सपा के पास सिर्फ गुंडे और माफिया हैं।
वह सिर्फ बयानबाजी करते रहते हैं। जनता भाजपा के साथ है। इसी कारण चुनाव भी जीतते हैं। केंद्र में मोदी और प्रदेश में योगी के नेतृत्व में देश आगे बढ़ रहा है। प्रदेश की हारी हुई सीटों को भी भाजपा 2024 में जीतेगी। देश में 400 से पार जीतने का लक्ष्य पार्टी ने निर्धारित किया है। उप मुख्यमंत्री ने कहा कि राहुल गांधी को अदालत ने सजा दी है। अदालत अपना काम कर रही है।समीक्षा बैठक के दौरान उन्होंने स्पष्ट कहा है कि सीए श्वेताभ हत्याकांड़ के असली अपराधियों को पुलिस खोज निकाले। इस मामले में कार्रवाई जनता के समक्ष दिखाई देनी चाहिए। वह मुख्यमंत्री से पहले एक कार्यकर्ता हैं। अधिकारी भाजपा के बूथ अध्यक्ष से लेकर विधायक तक की समीक्षा सुनें। इस मामले में अधिकारियों को हिदायत दी गई है।
निकाय चुनाव में 27 फीसदी आरक्षण लागू होगा
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि निकाय चुनाव के मामले में सुप्रीम कोर्ट में कल सुनवाई है। पार्टी निकाय चुनाव में 27 फीसदी आरक्षण लागू करेगी। इस मामले में भाजपा ने चुनाव के लिए पूरी तैयारी कर ली है।
एक अप्रैल से कृषि के लिए निजी नलकूप की बिजली मुफ्त होगी
सर्किट हाउस में समीक्षा बैठक के दौरान उप मुख्यमंत्री ने आवास विकास परिषद से सड़कें ठीक कराने के निर्देश दिए। इस बीच नगर आयुक्त से स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट के बारे में जानकारी दी। जिले के अधिकारियों ने रिंग रोड की प्रगति के बारे में उप मुख्यमंत्री को अवगत कराया। उन्होंने रामगंगा विहार की रोड ठीक कराकर उसे गड्ढामुक्त बनाने के निर्देश दिए। उप मुख्यमंत्री ने कहा कि जहां-जहां ओवर बिलिंग की समस्या आ रही हैं। उनका विद्युत अधिकारी समाधान करें। एक अप्रैल से कृषि के लिए निजी नलकूप का विद्युत बिल निःशुल्क रहेगा। इस निर्णय से जनपद में लगभग 25 हजार और मंडल के लगभग 1,74000 किसान लाभान्वित होंगे।
जिले में पीएम किसान योजना के तहत ढाई लाख किसानों को लाभ
पीएम आवास योजना के तहत हुए कार्यों के बारे में उपमुख्यमंत्री ने परियोजना निदेशक से जानकारी ली। वहीं सीएमओ ने बताया कि जिले में छह लाख आयुष्मान कार्ड बन गए हैं। जिला कृषि अधिकारी ने बताया कि जिले में पीएम किसान योजना के तहत लगभग ढाई लाख किसानों को लाभ पहुंचाया गया है। नगर आयुक्त ने बताया कि पीएम स्वनिधि के तहत 18,641 लाभार्थियों को ऋण की प्रथम किस्त प्राप्त करा दी गई है। बैठक में जिला पंचायत अध्यक्षा डॉ. शैफाली सिंह, एमएलसी डॉ. जयपाल सिंह व्यस्त, नगर विधायक रितेश कुमार गुप्ता, मंडलायुक्त आंजनेय कुमार सिंह, डीआईजी शलभ कुमार माथुर, डीएम शैलेंद्र कुमार सिंह, एसएसपी हेमराज मीना, नगर आयुक्त संजय चैहान, मुख्य विकास अधिकारी सुमित यादव, एडीएम सिटी आलोक कुमार वर्मा, एडीएम वित्त श्री युगराज सहित अन्य अधिकारी मौजूद थे।