मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि राष्ट्रीय संकट के समय धैर्य और एकता ही हमारी सबसे बड़ी ताकत होती है। उन्होंने कहा कि भारतीय जवानों की बहादुरी ने पाकिस्तान के हौसले पस्त कर दिए हैं। पाकिस्तान में आतंकी जनाजों में वहां के नेता और सैन्य अधिकारी शामिल होते हैं, जिससे साफ है कि पाकिस्तान एक असफल राष्ट्र बन चुका है, जिसने बीते 70-75 वर्षों में केवल आतंकवाद को बढ़ावा दिया है।
सीएम योगी ने कहा कि आतंकवाद को समर्थन देना खुद पाकिस्तान के लिए खतरा बन गया है। ऑपरेशन सिंदूर पाकिस्तान के दुस्साहस का कड़ा जवाब था। उन्होंने स्पष्ट किया कि भारत के सम्मान और सुरक्षा से खिलवाड़ करने वालों को करारा जवाब दिया जाएगा।

ऑपरेशन सिंदूर की सफलता के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को सरकारी आवास से “भारत शौर्य तिरंगा यात्रा” को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस मौके पर उन्होंने भारतीय सेना के पराक्रम को सलामी देते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, सैनिकों और युवाओं का आभार जताया।
2000 फीट लंबे तिरंगे का प्रदर्शन
तिरंगा यात्रा में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं, भाजपा पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल हुए। देशभक्ति के जोश के बीच बच्चों ने 2000 फीट लंबा तिरंगा लेकर देशप्रेम का संदेश दिया।

छेड़ेंगे नहीं, लेकिन छेड़ने वालों को छोड़ेंगे भी नहीं
सीएम योगी ने कहा कि 22 अप्रैल को जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुई आतंकी घटना की निंदा दुनियाभर ने की, लेकिन पाकिस्तान और उसके समर्थक चुप रहे। भारत ने सभी सबूत देने के बावजूद पाकिस्तान के रवैये में बदलाव नहीं देखा, इसलिए ‘ऑपरेशन सिंदूर’ शुरू किया गया। पहले ही दिन 100 से अधिक आतंकियों और उनके समर्थकों को सबक सिखाया गया।
तिरंगा- भारत के सम्मान और शौर्य का प्रतीक
मुख्यमंत्री ने कहा कि तिरंगा यात्रा भारतीय सेना के साहस और देश के गौरव का प्रतीक है। तिरंगे के प्रति सम्मान और प्रधानमंत्री मोदी के प्रति आभार व्यक्त करने के लिए उत्तर प्रदेश में इस यात्रा का आयोजन किया गया है।

राष्ट्र प्रथम का संकल्प
सीएम योगी ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी का लक्ष्य है कि नए और विकसित भारत की परिकल्पना राष्ट्र प्रथम के भाव से हो। जब 140 करोड़ भारतीय राष्ट्र को प्राथमिकता देंगे, तो कोई भी ताकत भारत को कमजोर नहीं कर पाएगी।
इस अवसर पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष चौधरी भूपेंद्र सिंह, उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक, वित्त मंत्री सुरेश खन्ना, जलशक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह समेत कई वरिष्ठ नेता और पदाधिकारी मौजूद रहे। यात्रा का संचालन विधान परिषद सदस्य गोविंद नारायण शुक्ल ने किया।