उत्तराखंड को बनाना है देश का सर्वश्रेष्ठ राज्य: सीएम धामी

उत्तराखंड में भारतीय जनता पार्टी की सरकार का नेतृत्व कर रहे पुष्कर सिंह धामी लगातार राज्य के कल्याण को लेकर नए-नए दावे करते रहे हैं। एक बार फिर से पुष्कर सिंह धामी ने साफ तौर पर कहा है कि उत्तराखंड को देश का सर्वश्रेष्ठ राज्य बनाना है। उन्होंने कहा कि हम सब को मिलकर काम करना होगा। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि हमारा एकमात्र लक्ष्य है कि PM के नेतृत्व में उत्तराखंड को देश का सर्वश्रेष्ठ राज्य बनाना है। हमने नई सरकार के गठन होते ही समान नागरिक संहिता को लेकर कमेटी का गठन कर दिया है। 5 सदस्यीय कमेटी ने जनता से संवाद भी शुरू कर दिया है। 

इसके अलावा पुष्कर सिंह धामी ने भर्ती घोटाले को लेकर भी बयान दिया। उन्होंने कहा कि जो भर्ती घोटाला आपके सामने आ रहा है वो कोई 1-2 साल का नहीं बल्कि लंबे समय से चल रहा था। इसके खिलाफ कभी जांच नहीं हुई। जैसे ही मामला मेरे सामने आया हमने तय किया कि हम अपने बच्चों के भविष्य के साथ किसी भी कीमत पर खिलवाड़ नहीं होने देंगे। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड STF ने अब तक 39 लोगों को गिरफ़्तार कर लिया है। जब तक घोटाले में शामिल हर एक व्यक्ति जेल में नहीं पहुंच जाता तब तक जांच बंद नहीं होगी। हमने मंत्रिमंडल में निर्णय लिया है कि हमारी जो 7 हजार भर्तियां खाली हैं, उन सबको लोकसेवा आयोग से कराएंगे। 

इससे पहले पुष्कर सिंह धामी ने कहा था कि हिमालयी क्षेत्रों में सामाजिक विकास की आवश्यकता है। हमें पारिस्थितिकी और अर्थव्यवस्था को साथ में रखते हुए कार्य करना होगा। हिमालय की जैव विविधता को संरक्षित करना है। जब हिमालय बचा रहेगा, तभी जीवन बचा रहेगा। उन्होंने साफ तौर पर कहा कि हिमालय के संरक्षण के लिये यहां की संस्कृति, नदियों एवं वनों का संरक्षण भी जरूरी है। मुख्यमंत्री ने हिमालय के प्राकृतिक जल स्रोतों, नदियों, नालों के अध्ययन, संरक्षण और संवर्धन के लिए एक समिति का गठन किए जाने की बात भी कही थी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here