‘ये जो हर तरफ भ्रष्टाचार…’, अयोध्या में जलभराव पर अखिलेश यादव की प्रतिक्रिया

 नई दिल्ली। प्री-मानसून बरसात के साथ ही जलभराव की समस्या बढ़ने लगी है। मानसून में हालत और भी खराब होगी। रामनगरी में जलभराव की समस्या को सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने भी उजागर करते हुए भाजपा सरकार पर निशाना साधा है।

सपा प्रमुख ने अपने एक्स हैंडल पर वीडियो शेयर कर लिखा, ‘ये जो हर तरफ ‘भ्रष्टाचार का सैलाब’ है। उसके लिए भाजपा सरकार जिम्मेदार है।’ जारी वीडियो में रामनगरी में जलभराव की तस्वीरें दिखाई गईं हैं।

जलभराव से जूझती रामनगरी में इस समस्या के लिए, जितना नालों की सफाई व्यवस्था दोषी है, उतनी ही जिम्मेदार मार्गों की दुर्दशा और निचली भूमि (लो-लैंड) में आवासीय क्षेत्र का विस्तार भी है। बढ़ती जनसंख्या के साथ लोगों ने अपनी आवासीय आवश्यकता पूरी करने के लिए नगर क्षेत्र एवं उससे सटे विस्तारित क्षेत्र में भवन बना लिये लेकिन वहां जल निकासी की समुचित व्यवस्था करने में सरकारी तंत्र नाकाम है, जिसके कारण हल्की सी बरसात में ही जलभराव हो जाता है।

वजीरगंज जप्ती की सरस्वतीपुरम कालोनी, देवकाली गांव, मझवा गद्दोपुर व उसरू सहित अन्य क्षेत्र इसके प्रमाण हैं। शहर में मार्गों की दुर्दशा भी जलभराव का कारण है। उदाहरण के लिए अवधपुरी कालोनी फेज थ्री को ही ले लीजिए। यहां पाइप लाइन डालने के लिए जल निगम ने मार्गों को खोद दिया है। पाइप डालने के बाद गड्ढों की मरम्मत ठीक से नहीं की गई। अब बरसात में गड्ढे की मिट्टी बैठ गई है, जिससे पूरी कालोनी में अलग से ही नाले की भांति गड्ढा हो गया, जिसमें पानी भर जाने से जलभराव हो गया है।

कीचड़ और फिसलन से लोगों का चलना दूभर हो जाता है। यह समस्या लगातार दो-तीन महीनों से बनी हुई है। अवधपुरी की भांति नाका, राठहवेली, धारा रोड परिक्रमा मार्ग, काली बाड़ी, खुर्द महल मैदान आदि क्षेत्रों में जर्जर मार्ग जलभराव का कारण बने हुए हैं। जल निगम एवं लोकनिर्माण विभाग मार्गों की मरम्मत के मामले में कमजोर साबित हो रहा है, जिसका दुष्परिणाम बरसात में जलभराव के रूप में जनता झेल रही है।

गड्ढों की मरम्मत करा रहा जल निगम

रामपथ, पुलिस लाइन, चौक सहित उन स्थानों पर जहां सीवर लाइन के पास गड्ढे हुए थे, उन्हें जल निगम तेजी से ठीक करा रहा है। अधिशासी अभियंता जल निगम आनंद दुबे ने बताया कि प्रयास किया जा रहा है कि 48 घंटे में गड्ढों की मरम्मत करा ली जाए। अधिकांश गड्ढे बंद करा दिए गए हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here