भारत और पाकिस्तान के बीच जारी युद्ध भले ही थम गया हो, लेकिन संघर्ष विराम के बाद भी पाकिस्तान को कई गंभीर झटके लगे हैं। अमेरिकी मध्यस्थता के बाद दोनों देशों ने सीजफायर का ऐलान किया है। इसी बीच, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने रविवार को दोहराया कि भारतीय मिसाइलों की गूंज रावलपिंडी तक सुनाई दी। रावलपिंडी पाकिस्तान का प्रमुख सैन्य छावनी शहर है। इस बार पाकिस्तान के सैन्य ठिकाने भारत के निशाने पर रहे।
बलूचिस्तान में पाक सेना पर BLA के हमले
पाकिस्तान के सैन्य ठिकानों पर केवल भारत ही नहीं, बल्कि बलूची आवाम भी हमलावर है। बलूचिस्तान की आजादी के लिए संघर्ष कर रही बलूचिस्तान लिबरेशन आर्मी (BLA) ने पाक सेना और पुलिस के 39 ठिकानों पर हमले का दावा किया है। BLA के प्रवक्ता जीयंद बलूत ने समाचार एजेंसी ANI को बताया कि बलूचिस्तान में पाकिस्तानी सेना के खिलाफ उनका अभियान जारी है।
BLA का दावा: कई सैन्य काफिले और ठिकाने निशाने पर
BLA ने एक प्रेस बयान में कहा कि उनका उद्देश्य रणनीतिक लक्ष्यों को हासिल करना है। प्रवक्ता जीयंद बलूत ने बताया कि हालिया हमलों में स्थानीय पुलिस स्टेशन, सैन्य काफिले, प्रमुख राजमार्ग और अन्य बुनियादी ढांचे को निशाना बनाया गया है। इसके साथ ही कई सड़कों पर नाकाबंदी भी की गई। पाकिस्तान ने जवाबी कार्रवाई करते हुए एक वरिष्ठ बलूच कार्यकर्ता को गिरफ्तार कर लिया है।
बलूचिस्तान में आजादी की मांग जारी
बलूचिस्तान में लंबे समय से पाकिस्तान के खिलाफ विरोध जारी है। बलूच नागरिकों का आरोप है कि पाकिस्तान उनके क्षेत्र के प्राकृतिक संसाधनों का शोषण कर रहा है और स्थानीय लोगों को कोई लाभ नहीं पहुंचा रहा। इस भेदभाव, आर्थिक शोषण और सैन्य दमन के खिलाफ बलूचिस्तान लिबरेशन आर्मी लगातार संघर्ष कर रही है।