37 साल बाद दिल्ली में पारा 5°C से नीचे, यूपी के 25 जिलों में शीतलहर का अलर्ट

दिल्ली एनसीआर में आज दिन में मौसम सामान्य रहने वाला है। सुबह और शाम के समय होने वाली ठंड ठिठुरन पैदा करेगी। आज सुबह के समय तापमान 6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया और 8 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चल रही है। दिल्ली के कुछ इलाकों में तापमान पांच डिग्री सेल्सियस से भी कम दर्ज किया गया। ऐसा 37 सालों में पहली बार हुआ है कि दिसंबर की शुरुआत में पारा लुढ़ककर 5 डिग्री से कम पहुंच गया हो।

पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी

बता दें कि इन दिनों पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी हो रही है। इसके कारण मैदानी इलाकों के तापमान में भी लगातार गिरावट दर्ज की जा रही है। मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले कुछ दिनों में यूपी, बिहार, राजस्थान, पंजाब और हरियाणा समेत दिल्ली एनसीआर में भी कड़ाके की ठंड पड़ने वाली है। राष्ट्रीय राजधानी में इस सर्दी का अब तक का सबसे कम तापमान दर्ज किया गया, जो 4.9 डिग्री सेल्सियस रहा। अनुमान लगाया जा रहा है कि 12 दिसंबर 2024 को अधिकतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 4 डिग्री सेल्सियस रहने वाला है। 

दो दिन शीतलहर का अनुमान

आने वाले दो दिनों तक शीतलहर चलने का अनुमान है और साथ ही कुछ इलाको में घना कोहरा भी हो सकता है। इसके कारण मौसम विभाग की तरफ से कुछ इलाकों में येलो अलर्ट भी जारी किया गया है। वहीं उत्तर प्रदेश के कुछ इलाकों में बारिश का अनुमान है। बारिश के बाद यूपी में सर्दी का प्रकोप देखने को मिल सकता है। इन दिनों पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी हो रही है और इससे दिल्ली-एनसीआर समेत पूरे देश में ठंड बढ़ने लगी है।

37 सालों में सबसे ठंडा रहा 12 दिसंबर

आईएमडी के अनुसार, 37 सालों में पहली बार दिसंबर की शुरुआत में न्यूनतम तापमान पांच डिग्री सेल्सियस से नीचे दर्ज किया गया है। आज सफदरजंग वेधशाला में न्यूनतम तापमान 4.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो इस मौसम का सबसे कम तापमान है। दिसंबर की शुरुआत में 37 साल पहले 06 दिसंबर 1987 को 4.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here