इंडी गठबंधन के चारों खाने चित, हरियाणा यानी हिम्मत और हौसला: पीएम मोदी

प्रधानमंत्री मोदी विशेष विमान से अंबाला छावनी के एयरफोर्स स्टेशन पहुंचे, जहां से सड़क मार्ग से रैली स्थल तक आए। प्रधानमंत्री की रैली को लेकर भाजपा प्रत्याशियों और कार्यकर्ताओं में उत्साह है।

संवेदनशील निर्णय मोदी लेता है-पीएम

पीएम ने कहा कि हरियाणा सत्य की धरती है, इस धरती पर कांग्रेस ने झूठ बोला है। कहा कि मोदी सरकार ने हर परिवार की चिंता की। इसलिए ऐसे संवेदनशील निर्णय मोदी लेता है। साथियों मोदी विकसित भारत का संकल्प लेकर निकला है। ऐसे में हरियाणा का बहुत अधिकार मेरे पर है, क्योंकि मेरी इस यात्रा में हरियाणा के भी संस्कार हैं। मैं आपको यह गारंटी देता हूं कि आपका सपना ही मेरा संकल्प है।

कांग्रेस पर तंज कसते हुए कहा कि ये लोग किसानों के नाम पर राजनीति करते हैं, दस साल में बीस करोड़ रुपए का एमएसपी में हमने किसानों से अनाज खरीदा है। यानी तीन गुना अनाज किसानों से खरीदा गया है। पहले तो पैसा मिलने में भी कई महीने लगते थे। अब पैसा सीधे किसान के नाम पर बैंक के खाते में जमा हो जाता है। कांग्रेस ने गन्ना किसानों को सिर्फ और सिर्फ धोखा दिया है।

मोदी ने विपक्ष पर साधा निशाना

मोदी ने कहा कि कांग्रेस का इतिहास हमारी सेनाओं को फौजियों को धोखा देने का रहा है। देश का पहला घोटाला कांग्रेस ने भारत की सेना में ही किया था। कहा कि बोफोर्स घोटाला, पनडुब्बी घोटाला, हेलिकॉप्टर घोटाला, कांग्रेस भारत की सेनाओं को कमजोर बनाकर रखते थे। जानते हैं क्यों, ताकि विदेश से हथियार मंगवाने के नाम पर घोटाले कर सकें।

मोदी ने कहा कि हमारे सैनिकों को कपड़े, जूते, बुलेटप्रूफ जैकेट भी नहीं मिलती थी, उनके पास अच्छी राइफलें तक नहीं थी। उन्हें लाठी देकर कहा जाता था कि आतंकियों का मुकाबला करो। जब मोदी सरकार आई तो उसने कहा कि अब ये नहीं चलेगा। मैंने भारत की सेनाओं को आत्मनिर्भर बनाने का अभियान शुरू किया। आज सेना को मेड इन इंडिया के हथियार मिल रहे हैं।

इंडी वालों ने देश के खिलाफ दांव पेंच चले-मोदी

मोदी ने कहा कि इंडी वालों ने देश के खिलाफ जो भी दांव पेंच चले थे, उन्हें चुनाव के मैदान में जनता ने खुद पटखनी दे दी है। हरियाणा तो वह राज्य है जिसकी रगो में देश भक्ति है। देश विरोधी ताकतों को हरियाणा अच्छी तरह जानता है। पहचानता है। इसलिए हरियाणा का गांव-गांव, घर-घर एक ही आवाज में बोल रहा है, फिर एक बार मोदी सरकार।

सभी दल चारों खाने चित-मोदी

जनसभा को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि चार चरण के मतदान में INDI गठबंधन के सभी दल चारों खाने चित हो चुके हैं।

पीएम ने मांगा जनता से अगले पांच साल का आशीर्वाद

पीएम ने कहा कि अंबाला के आसमान में राफेल जब उड़ता है तो आपको गर्व होता है। उन्होंने कहा कि मैं आपसे अगले पांच साल के लिए आशीर्वाद मांगने के लिए आया हूं। आप इतनी बड़ी संख्या में यहां आए, मैं आपका बहुत बहुत आभारी हूं। हमारे रतन लाल कटारिया की बरसी है। मैं उन्हें भी अपनी श्रद्धांजलि देता हूं।

हरियाणा यानी हिम्मत-मोदी

पीएम नरेंद्र मोदी ने भारत माता की जय के साथ अपना संबोधन शुरू किया। अंबाला की धरती से पूरे हरियाणा को राम राम किया। उन्होंने कहा कि हरियाणा यानी हिम्मत, हरियाणा यानी हौसला, तभी तो हरियाणा धाकड़ है। मोदी ने कहा कि मैंने कई सालों तक हरियाणा की रोटी खाई हैं। हरियाणा की तरह ही मोदी ने दस साल तक सरकार भी धाकड़ चलाई है।

मंच से अनिल विज ने दिखाई अपनी ताकत

पूर्व मंत्री अनिल विज ने कहा कि भारत के 140 करोड़ लोगों के विश्वास के प्रतीक प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हरियाणा आ रहे हैं। उन्होंने अपने कार्यकाल में वो करके दिखाया है जो आज तक कोई नेता नहीं कर पाया। आज राहुल गांधी ये कह रहा है कि मैं एक बटन दबाकर गरीबी खत्म कर दूंगा। इसकी दादी ने भी ये नारा दिया था, लेकिन गरीबी हटी क्या। पहली बार गरीबों के बारे में सोचा है वह नरेंद्र मोदी ने सोचा है।

वहीं, पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल की तारीफ करते हुए कहा कि उन्होंने जिस तरीके से एक झटके में सीएम का पद छोड़ दिया है, इसलिए मैं अब उनको मनोहर लाल त्यागी कहता हूं।

बचपन से मेरे अंदर देश भक्ति की भावना भरी हुई- नवीन जिंदल

कुरुक्षेत्र लोकसभा से प्रत्याशी नवीन जिंदल ने कहा कि बचपन से मेरे अंदर देश भक्ति की भावना भरी हुई है। 22 वर्ष की उम्र में तिरंगे के लिए मैंने लड़ाई लड़ी। दस साल की लंबी लड़ाई के बाद हम आज अपने घरों के ऊपर तिरंगा लगा पा रहे हैं। आजादी के 75वें वर्ष में प्रधानमंत्री ने हर घर तिरंगा अभियान चलाया, जिसके लिए मैं उनका बहुत आभारी हूं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here