बाढ़ (बिहार)। हाल ही में जेल से रिहा हुए पूर्व विधायक और बाहुबली नेता अनंत सिंह ने शनिवार को शक्ति प्रदर्शन किया। उन्होंने सबनिमा गांव से भव्य रोड शो की शुरुआत की, जो बड़हिया तक जारी रहेगा। खास बात यह रही कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के करीबी और केंद्रीय मंत्री ललन सिंह भी इस रोड शो में उनके साथ नज़र आए। सुबह के समय केंद्रीय मंत्री अनंत सिंह के आवास पहुंचे, जहां समर्थकों ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। इसके बाद अनंत सिंह ने उन्हें अपनी नई गाड़ी की अगली सीट पर बैठाया और स्वयं पीछे बैठकर रोड शो के लिए निकल पड़े।
समर्थकों ने ढोल-नगाड़ों और फूलों की बारिश से किया स्वागत
इस रोड शो में 100 से अधिक चार पहिया और दोपहिया वाहनों का काफिला शामिल रहा। मार्ग में जगह-जगह समर्थक ढोल-नगाड़ों के साथ खड़े होकर नेताओं का स्वागत करते दिखे। कई स्थानों पर अनंत सिंह और ललन सिंह ने गाड़ी से उतरकर लोगों का अभिवादन भी किया। बाढ़ में तो उनके समर्थकों ने जेसीबी मशीन से फूलों की वर्षा कर अनंत सिंह के स्वागत को और भी खास बना दिया।