तेजिंदर बग्गा की गिरफ्तारी पर भाजपा कार्यकर्ताओं का आप कार्यालय पर प्रदर्शन

नयी दिल्ली। भाजपा नेता तेजिंदर सिंह बग्गा की पंजाब पुलिस द्वारा की गई गिरफ्तारी के बाद राष्ट्रीय राजधानी की सियासत गर्मा गयी। भाजपा ने पहले पंजाब पुलिस पर तेजिंदर सिंह बग्गा को अगवा करने का आरोप लगाया और अब भाजपा कार्यकर्ताओं ने आम आदमी पार्टी कार्यालय के बाहर जमकर प्रदर्शन किया। 

दरअसल, पंजाब पुलिस ने पिछले महीने भड़काऊ बयान देने, शत्रुता को बढ़ावा देने और आपराधिक धमकी देने के आरोप में तेजिंदर सिंह बग्गा के खिलाफ मामला दर्ज किया था और फिर शुक्रवार को उनको गिरफ्तार किया। हालांकि दिल्ली पुलिस ने कुरुक्षेत्र में भाजपा नेता को अपने संरक्षण में ले लिया और उन्हें दिल्ली लाया जा रहा है।

इसी बीच भाजपा कार्यकर्ताओं ने आम आदमी पार्टी कार्यालय के बाहर हल्ला बोला और ‘लोकतंत्र के हत्यारे केजरीवाल शर्म करो शर्म करो’ के जमकर नारे लगाए। समाचार एजेंसी एएनआई ने भाजपा कार्यकर्ताओं के विरोध प्रदर्शन का वीडियो साझा किया। इसमें देखा जा सकता है कि भारी संख्या में मौजूद भाजपा कार्यकर्ता बैरिकेट को पार करने की कोशिश कर रहे हैं और भारत माता की जय के नारे लगा रहे हैं। इसके साथ ही पोस्टर भी लहराए जा रहे हैं।

इसी बीच खबर है कि दिल्ली पुलिस ने आम आदमी पार्टी कार्यालय के बाहर प्रदर्शन करने वाले भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं को हिरासत में ले लिया है। दरअसल, भाजपा कार्यकर्ताओं ने पुलिस बैरिकेटिंग का उल्लंघन किया है। जिसके बाद उन्हें हिरासत में लिया गया है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here