देशभर में रामनवमी के दौरान कई शहरों में हिंसा की घटनाएं हुईं। महाराष्ट्र में रामनवमी की पूर्व संध्या से शुरू हुआ बवाल बाद में पश्चिम बंगाल और गुजरात में आगजनी में बदल गया। देशभर में हुईं इन घटनाओं में 22 लोगों के घायल होने की खबर है। हिंसा के इन मामलों में 74 लोगों को हिरासत में लिया गया है।
आइए जानते हैं रामनवमी पर हिंसा कहां-कहां भड़की? किस जगह हिंसा की क्या वजह रही? इन मामलों में पुलिस ने क्या कार्रवाई की? अभी क्या हालात हैं?
पश्चिम बंगाल में उपद्रवियों ने फूंके वाहन
पश्चिम बंगाल के हावड़ा जिले में पिछले दो दिन से हिंसा की घटनाएं हो रही हैं। यहां रामनवमी जुलूस में उपद्रवियों ने जमकर हंगामा किया। जिले के शिबपुर इलाके में सड़क पर खड़े कई वाहनों में आग लगा दी गई। स्थिति पर काबू पाने के लिए पुलिस को लाठीचार्ज और आंसू गैस के गोले भी छोड़ने पड़े। हिंसा के दौरान पत्थरबाजी भी हुई। जानकारी के मुताबिक, घटना में कम से कम 12 लोग घायल हो गए जिनमें 10 पुलिस अधिकारी भी शामिल हैं। राज्य की पुलिस ने अब तक 30 लोगों को हिरासत में लिया है। गुरुवार के बाद शुक्रवार को भी हावड़ा में फिर पत्थरबाजी की घटना हुई।
हावड़ा में हिंसा के बाद राजनीति भी शुरू हो गई है। सीएम ममता बनर्जी ने कहा कि ‘मेरे आंख-कान खुले हैं। मुझे सब दिख रहा है। मैंने पहले ही चेतावनी दी थी कि मुस्लिम बहुल इलाकों से यात्रा ना निकाली जाए। मैंने पहले ही कहा था कि रामनवमी पर रैली निकाली गई तो हिंसा हो सकती है। वहीं, भाजपा की ओर से पलटवार करते हुए अमिल मालवीय ने कहा कि ममता लोगों की भावनाओं को ठेस पहुंचाते हुए रामनवमी के दिन धरना दिया। उन्होंने एक संप्रदाय विशेष के इलाके में शोभायात्रा ना निकालने की चेतावनी दी। इससे तनाव का माहौल बना।
गुजरात में दो शोभायात्राओं पर पत्थरबाजी
गुजरात के वडोदरा शहर के दो इलाकों फतेहपुरा और कुंभारवाड़ा से गुजरने वाले दो जुलूसों पर कथित तौर पर पथराव किया गया। पुलिस ने बताया कि कम से कम दो लोग घायल हुए हैं लेकिन अब स्थिति नियंत्रण में है। पथराव की घटना के बाद शहर में हिंसक झड़पों के बाद 24 लोगों को हिरासत में लिया गया है। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज से पत्थरबाजों की पहचान की है। वहीं, अतिरिक्त पुलिस आयुक्त मनोज निनामा ने घटना की जांच के आदेश दिए हैं।
महाराष्ट्र में रामनवमी की पूर्व संध्या पर बवाल
हिंसा की पहली घटना रामनवमी की पूर्व संध्या पर महाराष्ट्र के छत्रपति संभाजीनगर (औरंगाबाद) में हुई। यहां युवाओं के बीच हुई एक झड़प के बाद बुधवार की रात 500 लोगों की भीड़ ने पुलिस पर हमला कर दिया। घटना शहर के किरादपुरा इलाके में हुई, जहां एक प्रसिद्ध राम मंदिर है। पुलिस का कहना है कि मामले को एक घंटे में शांत करा दिया गया।हिंसा में कुछ वाहन क्षतिग्रस्त हुए हैं।
महाराष्ट्र के ही मलाड के मालवानी इलाके में भी दो समुदायों के बीच झड़प हुई। डीसीपी अजय बंसल ने बताया कि रामनवमी की शोभा यात्रा के दौरान दो समुदायों में झड़प हो गई थी, जिससे तनाव बढ़ गया। हालांकि पुलिस ने हालात को संभाला। झड़प में एक व्यक्ति घायल हुआ है। मामले में 20 लोगों को हिरासत में लिया गया है। 300 से ज्यादा अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।
राज्य में तीसरी घटना जलगांव जिले के पालधी में हुई जहां रामनवमी के जुलूस में तेज आवाज में गाने बजाने पर आपत्ति जताने के बाद दो समूह आपस में भिड़ गए। बताया जा रहा है कि जुलूस एक मस्जिद से गुजर रहा था, जहां लोग नमाज अदा कर रहे थे। झड़प में चार लोग घायल हो गए और 45 लोगों को गिरफ्तार किया गया है।
कर्नाटक में चाकूबाजी
कर्नाटक के हासन में एक मस्जिद के पास से रामनवमी का जुलूस निकालने के दौरान दो गुटों में झड़प हो गई। पुलिस ने कहा कि हमलों के दौरान चाकू लगने से दो लोग घायल हो गए। अभी स्थिति शांतिपूर्ण बताई जा रही है। शुरुआती जांच के बाद, पुलिस ने नौ लोगों को गिरफ्तार किया है।