शुकतीर्थ पहुंचे सीएम सैनी, बोले- स्वामी कल्याण देव का जीवन समाज के उत्थान को समर्पित था

मुजफ्फरनगर। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि वीतराग शिक्षा ऋषि स्वामी कल्याण देव का संपूर्ण जीवन समाज को शिक्षित करने और सामाजिक बुराइयों के खिलाफ संघर्ष के लिए समर्पित रहा। उन्होंने यह भी कहा कि स्वामी जी द्वारा शुरू किए गए जनकल्याणकारी कार्यों को वर्तमान में शुकदेव आश्रम के पीठाधीश्वर स्वामी ओमानंद पूरी निष्ठा के साथ आगे बढ़ा रहे हैं।

सोमवार को स्वामी कल्याण देव की 21वीं पुण्यतिथि के अवसर पर मुख्यमंत्री शुकतीर्थ पहुंचे और शिक्षा ऋषि को श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने स्वामी जी की प्रतिमा का अनावरण कर उन्हें नमन किया और आश्रम में स्थित प्राचीन वटवृक्ष की परिक्रमा कर पूजन किया।

मुख्यमंत्री सैनी ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि तीन शताब्दियों को छूने वाले युगद्रष्टा स्वामी कल्याण देव ने शिक्षा को जन-जन तक पहुँचाने का जो संकल्प लिया, वह प्रेरणास्पद है। उन्होंने न केवल स्कूलों की नींव रखी, बल्कि सैकड़ों शैक्षणिक संस्थान स्थापित कर समाज की अगली पीढ़ियों को दिशा देने का काम किया।

शुकतीर्थ की ऐतिहासिकता पर बोलते हुए उन्होंने कहा कि यह वही भूमि है जहाँ पांच हजार वर्ष पूर्व शुकदेव मुनि ने राजा परीक्षित को पहली बार भागवत कथा सुनाई थी। उन्होंने कहा कि इस पावन भूमि पर आकर वे स्वयं को धन्य महसूस कर रहे हैं।

कांवड़ यात्रा के प्रबंधों की सराहना

सीएम सैनी ने उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा सावन के महीने में कांवड़ यात्रा को लेकर किए गए इंतजामों की सराहना की। उन्होंने कहा कि योगी सरकार ने श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा के लिए सराहनीय कार्य किए हैं। सावन भगवान शिव की भक्ति का पवित्र महीना है और कांवड़ यात्रा में शामिल सभी श्रद्धालुओं को उन्होंने अपनी शुभकामनाएं दीं।

इस अवसर पर शुकदेव आश्रम के पीठाधीश्वर स्वामी ओमानंद, भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी नरेश टिकैत सहित अनेक गणमान्य लोग और श्रद्धालु उपस्थित रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here