कांग्रेस को आईटेट से बड़ा झटका, 199 करोड़ की टैक्स छूट याचिका खारिज

बिहार में विधानसभा चुनाव नजदीक हैं और जल्द ही चुनाव आयोग तारीखों का ऐलान कर सकता है। इसी बीच देश की सबसे पुरानी पार्टी कांग्रेस को एक बड़ा वित्तीय झटका लगा है। यह मामला सीधे 199 करोड़ रुपये से जुड़ा है, जिसे लेकर पार्टी ने आयकर अपीलीय अधिकरण (ITAT) में अपील की थी। लेकिन ट्रिब्यूनल ने कांग्रेस की याचिका को खारिज कर दिया है और टैक्स डिपार्टमेंट की ओर से की गई मांग को वैध ठहराया है।

किस बात पर खारिज हुई अपील?

दरअसल, कांग्रेस ने आकलन वर्ष 2018-19 के लिए आयकर अधिनियम की धारा 13ए के तहत 199.15 करोड़ रुपये की टैक्स छूट का दावा किया था। यह धारा राजनीतिक दलों को कुछ विशेष स्थितियों में कर छूट की सुविधा देती है। हालांकि, कांग्रेस ने समय सीमा समाप्त होने के बाद आयकर रिटर्न दाखिल किया था—विस्तारित समय 31 दिसंबर 2018 थी, जबकि पार्टी ने 2 फरवरी 2019 को रिटर्न फाइल किया।
इसके अलावा, पार्टी ने कुछ नकद दान को भी स्वीकार किया, जो कानूनी प्रावधानों के अनुरूप नहीं था। इन कारणों को ध्यान में रखते हुए ITAT ने रिटर्न को अमान्य मानते हुए छूट की याचिका को अस्वीकार कर दिया और 199.15 करोड़ रुपये की टैक्स देनदारी को बरकरार रखा।

कांग्रेस की संपत्ति और खर्च की स्थिति

चुनाव आयोग को सौंपी गई ऑडिट रिपोर्ट के मुताबिक, 31 मार्च 2024 तक कांग्रेस की कुल संपत्ति (नेटवर्थ) 857.15 करोड़ रुपये थी। वर्ष 2023-24 में पार्टी ने कुल 619.67 करोड़ रुपये खर्च किए, जो 2022-23 के 192.56 करोड़ की तुलना में कई गुना अधिक है।

वित्तीय वर्ष 2023-24 में कांग्रेस को कुल 1,225.11 करोड़ रुपये की आय हुई, जिसमें से 1,129.67 करोड़ रुपये अनुदान, दान और अन्य स्रोतों से आए। इसमें 828.36 करोड़ रुपये इलेक्टोरल बॉन्ड्स से प्राप्त हुए थे, जिन पर अब सुप्रीम कोर्ट ने प्रतिबंध लगा दिया है।

किन मदों में हुआ खर्च?

रिपोर्ट के अनुसार, कांग्रेस ने चुनावी तैयारियों के लिए विभिन्न माध्यमों पर भारी खर्च किया:

  • इलेक्ट्रॉनिक मीडिया विज्ञापन: ₹207.94 करोड़
  • प्रिंट मीडिया: ₹43.73 करोड़
  • हवाई यात्रा (विमान व हेलीकॉप्टर): ₹62.65 करोड़
  • प्रत्याशियों को दिया गया समर्थन: ₹238.55 करोड़
  • प्रचार अभियान: ₹28.03 करोड़
  • सोशल मीडिया पर व्यय: ₹79.78 करोड़

इसके अलावा, राहुल गांधी की अगुवाई में निकाली गई ‘भारत जोड़ो यात्रा 2’ पर पार्टी ने 49.63 करोड़ रुपये खर्च किए, जबकि वर्ष 2022-23 में हुई पहली यात्रा पर 71.84 करोड़ रुपये का खर्च आया था।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here