आज दूसरी बार यूक्रेन पर चर्चा के लिए सत्र बुलाएगा यूएनएससी
संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद (यूएनएससी) आज इस हफ्ते में दूसरी बार यूक्रेन पर चर्चा के लिए सत्र बुलाने जा रहा है। यह सत्र भारतीय समयानुसार गुरुवार सुबह 8:00 बजे (21:30 EST) से शुरू होने की उम्मीद है।

आधी रात से यूक्रेन में आपातकाल
रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन को अपने देश के बाहर सैन्य बल का इस्तेमाल करने का अधिकार मिलने के बाद यूक्रेन ने बुधवार को देशव्यापी आपातकाल की घोषणा कर दी। इस बीच, पश्चिमी देशों ने रूस के खिलाफ कई प्रतिबंधों की घोषणा की तथा मॉस्को ने यूक्रेन स्थित अपने दूतावास परिसरों को खाली कर वहां से राजनयिक कर्मियों को निकाल लिया। यूक्रेन के सांसदों ने देशव्यापी आपातकाल लगाने के राष्ट्रपति वलोदिमिर जेलेंस्की के आदेश को मंजूरी दे दी जो बृहस्पतिवार से शुरू होकर 30 दिन तक लागू रहेगा।
अमेरिकी राष्ट्रपति बाइडन ने रूस की नॉर्ड स्ट्रीम 2 पाइपलाइन पर प्रतिबंधों की घोषणा की
जो बाइडन ने अपने बयान में कहा कि मैंने अपने व्यवस्थापक को नॉर्ड स्ट्रीम 2 एजी और उसके कॉर्पोरेट अधिकारियों पर प्रतिबंध लगाने का निर्देश दिया है। साथ ही उन्होंने कहा कि ये कदम यूक्रेन में रूस की कार्रवाइयों के जवाब में प्रतिबंधों की हमारी प्रारंभिक किश्त का एक और हिस्सा हैं। आगे बाइडन ने कहा जैसा कि मैंने स्पष्ट किया है, अगर रूस आगे बढ़ना जारी रखता है तो हम और कदम उठाने में संकोच नहीं करेंगे।

रूस ने यूक्रेन में अपना दूतावास खाली किया
रूस की सरकार संचालित समाचार एजेंसी तास ने बुधवार को कहा कि मॉस्को ने यूक्रेन स्थित अपना दूतावास खाली कर दिया है। वहीं, यूक्रेन ने भी अपने नागरिकों से रूस छोड़ने का आग्रह किया है। मॉस्को का कीव में दूतावास है और खार्किव, ओडेसा तथा ल्वीव में वाणिज्य दूतावास हैं।
स्विस बैंक प्रतिबंधों से पीछे हटे
स्विट्जरलैंड का कहना है कि वह यूक्रेन को लेकर चल रहे भारी विवाद के मद्देनजर रूस पर प्रतिबंध नहीं लगाएगा। आज देश के सरकारी तंत्र और मंत्रियों के साथ बैठक में यह फैसला लिया है। साथ ही मंत्रियों ने अंतरराष्ट्रीय कानून के उल्लंघन के रूप में डोनेट्स्क और लुहान्स्क की रूस की मान्यता की निंदा की।
अमेरिका के वरिष्ठ अधिकारी ने कहा- किसी भी क्षण हमला कर सकता है रूस
अमेरिका के एक वरिष्ठ रक्षा अधिकारी ने कहा है कि पेंटागन का मानना है कि रूसी राष्ट्रपति पुतिन बड़े पैमाने पर हमले के लिए पूरी तरह तैयार हैं, जो किसी भी क्षण हो सकता है। साथ ही कहा कि वह पूरी तरह तैयार है, निश्चित रूप से संभव है वह यूक्रेन पर कभी भी हमला कर सकता है। यूक्रेन के आसपास रूसी सैनिकों के बारे में पूछे जाने पर, अधिकारी ने कहा कि वे जाने के लिए पूरी तरह तैयार हैं।
रूस-जर्मनी के बीच गैस पाइपलाइन पर प्रतिबंध लगाएगा अमेरिका
अमेरिका जल्द ही रूस पर सख्त प्रतिबंध लगाने वाला है। बाइडन प्रशासन ने कहा है कि नॉर्ड स्ट्रीम 2 पाइपलाइन पर जल्द ही सख्त प्रतिबंधों का एलान किया जाएगा। इसके तहत रूस के साथ-साथ इस पाइपलाइन को बनाने वाली कंपनी पर भी पाबंदियां लगाई जाएंगी।
यूएनजीए में बोला रूस- यू्क्रेन हमारे विरोध में खड़ा है
यूक्रेन संकट को लेकर यूएनजीए में बैठक जारी है। इसमें यूक्रेन के साथ-साथ रूस की तरफ से भी बयान जारी किया गया। रूसी राजदूत ने कहा कि इस मामले में संयुक्त राष्ट्र की दखलअंदाजी ठीक नहीं है। उन्होंने कहा कि यूक्रेन लगातार रूस विरोधी होता जा रहा था। उन्होंने आरोप लगाया कि डोनबास क्षेत्र में यूक्रेन नरसंहार को ्अंजाम दे रहा है और इसलिए रूस चुप नहीं बैठ सकता।
तुर्की: राष्ट्रपति अर्दोआन बोले- रूस के कदमों को मान्यता नहीं देंगे
तुर्की के राष्ट्रपति रजब तैयब एर्दोआन ने रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन से कहा है कि तुर्की यूक्रेन की संप्रभुता और क्षेत्रीय अखंडता के खिलाफ मास्को के कदमों को मान्यता नहीं देता है। तुर्की के राष्ट्रपति कार्यालय से जारी एक बयान में कहा गया है कि एर्दोआन ने बुधवार को पुतिन के साथ टेलीफोन पर बातचीत में यूक्रेन में संकट के राजनयिक समाधान का आग्रह किया। बयान में कहा गया है कि नाटो का सदस्य और काला सागर क्षेत्र में रूस का पड़ोसी देश तुर्की यूक्रेन संकट का वार्ता के जरिए समाधान चाहता है। तुर्की के राष्ट्रपति ने दोशों देशों के बारे में कहा, ‘‘हमारे लिए इनमें से किसी एक को छोड़ना संभव नहीं है।’’
यूक्रेन संकट : रूस पर सख्त पाबंदी लगाने के पक्ष में इटली
इटली ने बुधवार कहा कि यूक्रेन के प्रति आक्रामक रवैये के लिए रूस के खिलाफ क्रमिक, व्यवस्थित तरीके से पाबंदी लगाने की जरूरत है और यह हालात के आधार पर ही होना चाहिए। इटली के विदेश मंत्री लूईजी दे मयों ने इतालवी सीनेट में रूस को लेकर इटली के रुख पर कुछ नहीं कहा। रूस इटली को उसकी जरूरत की 40 प्रतिशत गैस की आपूर्ति करता है। मयों ने उल्लेख किया कि यूक्रेन से होकर गुजरने वाली पाइपलाइन से गैस की आपूर्ति होती है। उन्होंने कहा कि ‘‘टकराव से बचने की यह भी एक वजह है।’’ इटली यूक्रेन को असैन्य सहायता में 12.5 करोड़ डॉलर प्रदान करने पर विचार कर रहा है। यूक्रेन के सशस्त्र बलों को गैर-घातक उपकरणों की आपूर्ति के साथ बारूद सुरंग हटाने के साजो-सामान आपूर्ति करने की भी योजना है।
यूक्रेन सरकार, विदेश मंत्रालय की वेबसाइट बंद, रूस पर साइबर हमले का शक
रूस के चलते संकट का सामना कर रहे यूक्रेन की सरकारी, विदेश मंत्रालय और राज्य सुरक्षा सेवा की वेबसाइट बुधवार को डाउन हो गई। इसे लेकर यूक्रेन की सरकार ने इसे एक और बड़ा साइबर अटैक बताया है जो दोपहर बाद चार बजे के आस-पास शुरू हुआ। यूक्रेनी अधिकारियों ने कहा कि इस सप्ताह हमने ऑनलाइन चेतावनी देखी थी कि हैकर्स सरकारी एजेंसियों, बैंकों व रक्षा क्षेत्र पर बड़ा साइबर हमला करने की तैयारी में थे। ऐसे कई हमलों का सामना करने वाले यूक्रेन ने इसके लिए रूस को जिम्मेदार बताया है।