दिल्ली: तेज बारिश के कारण आज बंद रहेंगे सभी स्कूल

नई दिल्ली। बुधवार को भी मौसम विभाग के पूर्वानुमान ने गच्चा ही दिया। येलो अलर्ट के बीच दिन भर तेज धूप में उमस ने हाल बेहाल किए रखा। जबकि शाम को कहीं पर हल्की से मध्यम और कहीं मध्यम से भारी वर्षा दर्ज की गई। बारिश इतनी हुई कि दिल्ली में कई जगहों पर जलभराव हो गया और जाम लगा। दिल्ली सरकार को 1 अगस्त (बृहस्पतिवार) के लिए स्कूल बंद रखने का आदेश देना पड़ा।

दिल्ली सरकारी की मंत्री आतिशी ने देर रात को सोशल साइट एक्स पर पोस्ट कर बताया कि बुधवार को भारी बारिश के कारण और बृहस्पतिवार को बारिश के पूर्वानुमान के कारण राजधानी के सभी सरकारी और प्राइवेट स्कूल बंद रहेंगे।

येलो को रेड अलर्ट में बदलना पड़ा

तेज बारिश के कारण मौसम विभाग को चार जिलों- उत्त्तर पश्चिमी, उत्तर पूर्वी, दक्षिणी पश्चिमी और दक्षिणी पूर्वी जिलों के लिए यलो अलर्ट को बदलकर रेड अलर्ट जारी करना पड़ा। इस झमाझम वर्षा ने उमस एवं गर्मी से तो राहत दिलाई, लेकिन साथ- साथ जनजीवन भी अस्त व्यस्त कर दिया। मौसम विभाग ने अगले दो दिनों के लिए भी यलो अलर्ट जारी किया है।

बादल छाए रहने का था पूर्वानुमान

मौसम विभाग का पूर्वानुमान था कि बुधवार को दिनभर बादल छाए रहेंगे। हल्की से मध्यम एवं कहीं कहीं मध्यम से भारी वर्षा होगी। लेकिन इसके विपरीत सुबह ही धूप निकल गई थी, जो दिन चढ़ने के साथ और तेज होती गई। इसके चलते उमस का स्तर भी बढ़ता गया।

शाम होते ही तेज बारिश शुरू

शाम साढ़े पांच से छह बजे के आसपास बादल छाए और दिल्ली के ज्यादातर इलाकों में तेज वर्षा शुरू हो गई। यह वर्षा रात करीब साढ़े आठ बजे तक चली। इसके बाद भ्री कहीं कहीं रुक रुककर वर्षा का दौर जारी रहा।

दिल्ली में कितना रहा तापमान

दिल्ली का न्यूनतम तापमान 30.4 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 37.8 डिग्री सेल्सियस रहा। दोनों ही सामान्य से तीन तीन डिग्री अधिक रहे। हवा में नमी का स्तर 83 से 63 प्रतिशत रहा। जहां तक वर्षा का सवाल है तो शाम साढ़े पांच से रात साढ़े आठ बजे तक दिल्ली में 79.2 मिमी वर्षा दर्ज की गई। मयूर विहार में सर्वाधिक 119 मिमी वर्षा दर्ज हुई।

मौसम विभाग का कहना है कि मंगलवार तक मानसून की अक्षीय रेखा अपनी सामान्य स्थिति के दक्षिण में थी। बुधवार को यह दक्षिण से अपनी सामान्य स्थिति में आ गई है। इसके अलावा बंगाल की खाड़ी के साथ-साथ अरब सागर से भी नमी भरी हवाएं चलने से तेज वर्षा रिकार्ड की गई।

मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि बृहस्पतिवार और शुक्रवार को भी बादलों की आवाजाही बनेगी। हल्की से मध्यम स्तर की वर्षा हो सकती है। दोनों ही दिनों के लिए यलो अलर्ट जारी किया गया है। इस दौरान तापमान में भी गिरावट दर्ज की जाएगी। अधिकतम तापमान 33 जबकि न्यूनतम 26 डिग्री तक आ जाएगा। सप्ताहांत में भी हल्की वर्षा जारी रह सकती है।

शाम साढ़े पांच से रात साढ़े आठ बजे तक दिल्ली के विभिन्न इलाकों में हुई वर्षा का आंकड़ा (मिमी में)

स्थान वर्षा
मयूर विहार119.0
सफदरजंग 79.2
दिल्ली विवि 77.5
लोधी रोड 77.0
पूसा 66.5
पालम 43.7
इग्नू 33.5
पुष्प विहार 33.0
पीतमपुरा 24.0
नजफगढ़ 18.0
नारायणा16.5
नरेला 8.5

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here