राजधानी में भाजपा का संगठनात्मक सफर अब एक नए पड़ाव पर पहुंच गया है। सोमवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दीनदयाल उपाध्याय मार्ग स्थित दिल्ली भाजपा के नवनिर्मित प्रदेश कार्यालय का उद्घाटन करेंगे।
कार्यालयों का लंबा सफर
आजादी के बाद पार्टी की यात्रा नया बाजार स्थित दफ्तर से शुरू हुई थी। जनसंघ के दिनों से वहीं से संगठनात्मक कामकाज चलता रहा। भाजपा बनने के बाद पहला दफ्तर अजमेरी गेट में खोला गया। इसके बाद कार्यालय रकाबगंज रोड स्थानांतरित हुआ और लंबे समय तक पंडित पंत मार्ग स्थित भवन से संगठन की गतिविधियां संचालित होती रहीं। अब यह यात्रा दीनदयाल उपाध्याय मार्ग पर बने आधुनिक भवन तक पहुंच चुकी है।
‘कार्यालय नहीं, संस्कार केंद्र’
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने कहा कि यह नया भवन केवल दफ्तर नहीं, बल्कि ऐसा केंद्र होगा जहां कार्यकर्ताओं को वैचारिक मार्गदर्शन और संगठनात्मक ऊर्जा मिलेगी। उद्घाटन कार्यक्रम में भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष जे.पी. नड्डा, मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता, कई वरिष्ठ नेता, केंद्रीय मंत्री, सांसद-विधायक और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल होंगे।
संघर्ष और प्रतीक
यह कार्यालय प्रदेश भाजपा की उस लंबी यात्रा का प्रतीक है, जिसमें संगठन ने भूमि आवंटन और निर्माण संबंधी चुनौतियों का सामना किया। अब प्रदेश के सभी 14 संगठनात्मक जिलों के पास अपने निजी दफ्तर हैं। नया भवन दक्षिण भारतीय वास्तुकला की झलक पेश करता है और आधुनिक सुविधाओं से लैस है। लगभग 825 वर्ग मीटर क्षेत्र में बने इस पांच मंजिला भवन का प्रवेश द्वार विशाल स्तंभों से सुसज्जित है।
आधुनिक सुविधाओं से युक्त भवन
भवन के बेसमेंट में पार्किंग, भूतल पर स्वागत कक्ष, कैंटीन और कॉन्फ्रेंस रूम बनाया गया है। पहली मंजिल पर 300 लोगों की क्षमता वाला सभागार है। दूसरी मंजिल विभिन्न मोर्चों और कर्मचारियों के लिए तय की गई है। तीसरी मंजिल पर प्रदेश पदाधिकारियों के कार्यालय होंगे। चौथी मंजिल अन्य राज्यों से आने वाले नेताओं के लिए अतिथि कक्षों से सुसज्जित है, जबकि पांचवीं मंजिल पर प्रदेश अध्यक्ष, संगठन महामंत्री और सांसदों के लिए दफ्तर बनाए गए हैं। पूरे परिसर में सुरक्षा के लिए सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं।