दिल्ली-एनसीआर: अगले पांच दिनों तक मौसम रहेगा सुहावना

पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता के कारण मई के महीने के बचे हुए पांच दिन सुहावने ही बीतेंगे। रुक-रुक के हल्की बारिश व धूलभरी हवाएं चलने के कारण इन दिनों में न ही गर्मी सताएगी और न ही लू चलेगी। 31 मई तक गर्मी और लू का अनुमान नहीं है। दिल्ली में गुरुवार को हुई हल्की बारिश और धूलभरी तेज हवाओं ने मौसम को सुहावना बना दिया है। इस कारण से अधिकतम व न्यूनतम तापमान में भी काफी गिरावट दर्ज की गई है। अधिकतम तापमान सामान्य से पांच डिग्री और न्यूनतम तापमान छह डिग्री तक लुढ़क गया।

मौसम विभाग के अनुसार, पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र में पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता के कारण अभी अगले दो से तीन दिन दिल्ली एनसीआर और उसके आसपास रूक-रुक के हल्की बारिश व हवाएं चलने का अनुमान है। सोमवार और मंगलवार को दिल्ली के कुछ हिस्सों में लू चली। 22 मई को अधिकतम तापमान 43.7 और 23 मई को न्यूनतम तापमान 43.5 दर्ज हुआ था। वहीं कुछ इलाकों में तापमान 46 डिग्री तक पहुंच गया था।

लेकिन 23 मई रात से मौसम ने करवट ले ली। उसके बाद से मौसम सुहावना ही बना हुआ है।गुरुवार रात हुई बारिश के कारण अधिकतम तापमान 34.9 और न्यूनतम तापमान 20.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। शुक्रवार सुबह 8:30 बजे तक 1.6 मिमी बारिश दर्ज की गई। मौसम केंद्रों में सर्वाधिक बारिश पूसा में 47.2 मिमी हुई। पालम में 22.2, आयानगर में 10.8, जाफरपुर में 10, दिल्ली विश्वविद्यालय में 2.5 मिमी बारिश दर्ज की गई। जबकि अधिकतम तापमान विभिन्न इलाकों में 33 से 36 डिग्री के बीच व न्यूनतम तापमान 17.8 से लेकर 23 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। मौसम विभाग ने शनिवार को अधिकतम तापमान 37 डिग्री और न्यूनतम तापमान 22 डिग्री रहने का अनुमान है। वहीं आंशिक रुप से बादल छाए रहेंगे और एक दो स्थानों पर हल्की बारिश होने की संभावना है।

आंधी-बारिश से मौसम खराब, 14 फ्लाइट हुई डायवर्ट
दिल्ली-एनसीआर में बृहस्पतिवार देर रात आई आंधी-बारिश के कारण 14 फ्लाइट को डायवर्ट करना पड़ा। वहीं, एयरपोर्ट के टर्मिनल तीन पर जलजमाव से लोगों को परेशानी हुई। एयरपोर्ट प्रशासन से मिली जानकारी के अनुसार रात 8:35 से 9:55 तक कुल 14 फ्लाइट को इंदौर, ग्वालियर, जयपुर व अन्य जगहों पर वापस भेजना पड़ा। तेज हवाओं के कारण इन फ्लाइटों को दिल्ली के इंदिरा गांधी एयरपोर्ट पर उतारा नहीं जा सका। प्रशासन ने बताया कि यात्रियों की सुरक्षा को देखते हुए दूसरे शहरों में भेजा गया। ये फ्लाइटें मुंबई, बेंगलुरु, राजकोट और विशाखापट्टनम सहित अन्य जगहों से दिल्ली आ रही थी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here