नई दिल्ली/रांची। दिल्ली पुलिस ने आतंकी संगठन ISIS से जुड़े एक मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। गिरफ्तारी के बाद देशभर में 12 से अधिक ठिकानों पर छापेमारी की गई, जिसमें आठ से ज्यादा संदिग्धों को हिरासत में लिया गया। मुख्य आरोपी आफताब मुंबई का निवासी बताया जा रहा है।
इसी कड़ी में झारखंड ATS और रांची पुलिस की मदद से राजधानी रांची से भी असहर दानिश नामक संदिग्ध को पकड़ा गया है। वह बोकारो जिले के पेटवार का रहने वाला है। गिरफ्तारी रांची के लोअर बाजार थाना क्षेत्र के इस्लाम नगर स्थित एक लॉज से हुई। छापेमारी के दौरान पुलिस को कई आपत्तिजनक दस्तावेज और सामग्री भी हाथ लगी है।
दिल्ली और झारखंड पुलिस की संयुक्त कार्रवाई
दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल और केंद्रीय एजेंसियों ने अलग-अलग राज्यों में छापेमारी कर कुल आठ संदिग्ध आतंकियों को हिरासत में लिया। फिलहाल सभी से पूछताछ जारी है और उनके नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश की जा रही है।
रांची में बढ़ी सुरक्षा, जांच जारी
रांची पहले भी आतंकी नेटवर्क के लिए इस्तेमाल होता रहा है। यहां संदिग्ध की गिरफ्तारी से सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गई हैं। पुलिस पूरे इलाके की गहन जांच कर रही है और यह भी पता लगाया जा रहा है कि दानिश के साथ कोई और तो शामिल नहीं था। आने वाले दिनों में इस कार्रवाई से कई अहम खुलासे होने की उम्मीद जताई जा रही है।