तुर्की में धमाका हुआ है। राजधानी इस्तांबुल के टकसिम स्क्वायर से बम धमाके की खबर आ रही है। धमाके में छह लोगों की मौत हो गई है। अब तक 53 लोगों के घायल होने की भी जानकारी मिली है। धमाका रविवार को इस्तांबुल की सबसे व्यस्त इलाके में हुआ। इस मुख्य पैदल मार्ग पर बड़ी संख्या में लोग मौजूद थे। राष्ट्रपति रेसेप तईप एर्दोगन ने धमाके की निंदा की है। उन्होंने इसमें आतंकी हाथ होने का भी शक जताया।
धमाके के बाद घटनास्थल पर एंबुलेंस और दमकल की गाड़ियां पहुंच गईं। पुलिस ने भी राहत और बचाव कार्य शुरू कर दिया। विस्फोट की वजह का अब तक पता नहीं चल सका है। ब्लास्ट के बाद इलाका खाली करा लिया गया है। इलाके में दुकानों को बंद कर दिया गया है।
बढ़ सकता है जान गंवाने वालों का आंकड़ा
बताया जा रहा है कि घटना में कई लोगों के मारे जाने की आशंका है। ऐसे में हताहतों की संख्या में बढ़ोतरी हो सकती है। इस्तांबुल के गवर्नर अली येरलीकाया ने ट्विटर पर बताया कि विस्फोट स्थानीय समयनुसार शाम चार बजकर 20 पर हुआ। घटना में कुछ लोगों की मौत हुई है। कई जख्मी हुए हैं। हालांकि, उन्होंने यह नहीं बताया कि कितने लोग हताहत हुए हैं।
सोशल मीडिया पर कई वीडियो भी वायरल
सोशल मीडिया पर कई वीडियो भी वायरल हो रहे हैं। वीडियो में दिख रहा है कि धमाके की जगह से आग की लपटें निकल रही हैं। वीडियो में धमाका जोरदार लग रहा था। धमाके के बाद राहगीर मुड़े और भागने लगे।
भीड़-भाड़ वाले मार्ग पर धमाका
एवेन्यू भीड़-भाड़ वाला मार्ग है जो स्थानीय लोगों और सैलानियों में लोकप्रिय है। यहां पर कई दुकानें और रेस्त्रां हैं। इससे पहले भी 2015 और 2017 में धमाके हुए थे। इसकी जिम्मेदारी इस्लामिक स्टेट और कुछ कुर्द समूहों ने ली थी।
भारत ने व्यक्त की संवेदना
मामले में भारत ने भी प्रतिक्रिया दी है। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता अरिंदम बागची ने कहा कि भारत आज इस्तांबुल में हुए विस्फोट में लोगों की दुखद मौत पर सरकार और तुर्की के लोगों के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करता है। हमारी सहानुभूति भी घायल लोगों के साथ है। हम उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करते हैं।