25 नवंबर को अयोध्या में ध्वजारोहण समारोह, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू होंगी मुख्य अतिथि

अयोध्या 25 नवंबर को एक ऐतिहासिक अवसर का गवाह बनेगी। राम मंदिर परिसर में भव्य ध्वजारोहण समारोह का आयोजन होगा, जिसमें राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगी। इस मौके पर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सरसंघचालक मोहन भागवत भी उपस्थित रहेंगे।

समारोह की तैयारियों को लेकर मंगलवार देर शाम तीर्थ क्षेत्र भवन में राम मंदिर ट्रस्ट, संघ और विहिप पदाधिकारियों की बैठक हुई। इसमें निर्णय लिया गया कि यह आयोजन केवल ध्वजारोहण तक सीमित न रहकर राष्ट्र की सांस्कृतिक चेतना, समरसता और संगठन की शक्ति का भी प्रतीक बनेगा।

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, 25 नवंबर को अभिजीत मुहूर्त में सुबह 11 बजे ध्वजा पूजन से शुरुआत होगी। इसके बाद राम मंदिर सहित परिसर के सभी उप मंदिरों के शिखरों पर धर्म ध्वजा फहराई जाएगी। करीब तीन घंटे चलने वाले इस आयोजन में पूर्वी उत्तर प्रदेश के 49 जिलों से लगभग आठ हजार अतिथि आमंत्रित किए गए हैं।

अयोध्या से भी आमंत्रित होंगे हजारों मेहमान
समारोह में अयोध्या जिले के लोगों को भी विशेष रूप से शामिल किया जाएगा। आमंत्रित आठ हजार मेहमानों में से करीब तीन हजार अयोध्या से होंगे। अभी तक 2200 लोगों की सूची तैयार हो चुकी है। आयोजन स्थल पर 8200 कुर्सियों की व्यवस्था की जा रही है और मंगलवार शाम टेंट व बैठने की जगह चिन्हित कर दी गई।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here