शाहदरा में कांवड़ मार्ग पर फेंके गए कांच, कपिल मिश्रा ने बताया साजिश

नई दिल्ली: सावन का पावन महीना शुक्रवार से आरंभ हो चुका है, और उत्तर भारत के विभिन्न हिस्सों में कांवड़ यात्रा जोरों पर है। दिल्ली, उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड में श्रद्धालु भोलेनाथ के जलाभिषेक के लिए यात्रा कर रहे हैं। इसी क्रम में दिल्ली सरकार और पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा और व्यवस्था के लिए व्यापक तैयारियाँ की हैं।

दिल्ली सरकार के कैबिनेट मंत्री कपिल मिश्रा ने कांवड़ यात्रा को लेकर बड़ी बात कही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि यात्रा में किसी भी प्रकार का व्यवधान नहीं आने दिया जाएगा। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में उन्होंने बताया कि दिल्ली के शाहदरा इलाके में कुछ असामाजिक तत्वों ने कांवड़ मार्ग पर करीब एक किलोमीटर तक कांच के टुकड़े फैला दिए।

कपिल मिश्रा ने जानकारी दी कि इस घटना के बाद लोक निर्माण विभाग (PWD) और नगर निगम के कर्मचारी सफाई में जुटे हैं। स्थानीय विधायक संजय गोयल मौके पर उपस्थित हैं, और मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने भी इस मामले का संज्ञान लिया है। PWD की ओर से दोषियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

यात्रा को सुचारु बनाने के लिए व्यापक इंतजाम
इससे पहले दक्षिण दिल्ली के पुलिस उपायुक्त अंकित चौहान ने बताया था कि यात्रा को सुरक्षित और व्यवस्थित बनाए रखने के लिए दिल्ली पुलिस ने संबंधित विभागों और कांवड़ कैंप आयोजकों के साथ बैठक की है। इस दौरान यात्रा से संबंधित दिशा-निर्देशों पर चर्चा हुई।

उन्होंने बताया कि कैंप स्थलों पर अग्निशमन यंत्रों की व्यवस्था की जा रही है। जल वितरण के लिए मजबूत स्टैंड लगाए जाएंगे और साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखा जाएगा। साथ ही शौचालयों की भी समुचित व्यवस्था की गई है, जो कैंप स्थलों के निकट बनाए जा रहे हैं ताकि स्वच्छता बनी रहे।

ट्रैफिक प्रबंधन पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है। कैंप सड़कों से हटाकर इस तरह लगाए जाएंगे कि यातायात में किसी प्रकार की बाधा उत्पन्न न हो और दुर्घटनाओं की संभावना न्यूनतम रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here