महाराष्ट्र के बीड जिले में शनिवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। सोलापुर-धुले नेशनल हाईवे पर नमलगांव फाटा फ्लाईओवर के पास तेज रफ्तार कंटेनर ने सड़क किनारे पैदल चल रहे छह लोगों को कुचल दिया। हादसा सुबह करीब साढ़े सात बजे हुआ।
इस दुर्घटना में चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो गंभीर रूप से घायल हुए हैं। घायलों को बीड जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है। प्राथमिक जानकारी के अनुसार मृतक और घायल दर्शन के लिए पेंडगांव जा रहे थे। फिलहाल मृतकों और घायलों की शिनाख्त नहीं हो पाई है।
सूचना मिलते ही ग्रामीण पुलिस मौके पर पहुंची, कंटेनर को जब्त किया गया और चालक को हिरासत में ले लिया गया। उससे पूछताछ की जा रही है। हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है।
घटना के बाद हाईवे पर यातायात कुछ समय के लिए प्रभावित रहा और वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। बाद में पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित कर जाम हटवाया। उल्लेखनीय है कि कुछ दिन पहले भी गढ़ी फ्लाईओवर के पास कंटेनर की टक्कर में कई लोगों की मौत हुई थी। लगातार हो रहे इन हादसों से लोगों में भय का माहौल है।