भारत अब वैश्विक स्तर पर पांचवां सबसे बड़ा एविएशन मार्केट बन चुका है। इंटरनेशनल एयर ट्रांसपोर्ट एसोसिएशन (IATA) द्वारा जारी वर्ल्ड एयर ट्रांसपोर्ट स्टैटिस्टिक्स (WATS) 2024 की ताज़ा रिपोर्ट में यह जानकारी सामने आई है। खास बात यह है कि भारत ने इस मामले में जापान को भी पीछे छोड़ दिया है। वहीं, मुंबई और दिल्ली के बीच उड़ानों की संख्या के लिहाज से यह मार्ग दुनिया के सबसे व्यस्त रूट्स में सातवें स्थान पर रहा।
यात्रियों की संख्या में हुआ इज़ाफा
रिपोर्ट के अनुसार, भारत में 2024 में हवाई यात्रियों की संख्या 21.1 करोड़ तक पहुंच गई, जो पिछले वर्ष की तुलना में 11.1% अधिक है। वहीं, जापान में इसी अवधि में कुल 20.5 करोड़ लोगों ने हवाई यात्रा की, हालांकि वहां वार्षिक वृद्धि दर 18.6% दर्ज की गई।
आईएटीए की रिपोर्ट बताती है कि अमेरिका अब भी शीर्ष स्थान पर बना हुआ है, जहां 2024 में कुल 87.6 करोड़ यात्रियों ने विमान से सफर किया। चीन 74.1 करोड़ यात्रियों के साथ दूसरे और ब्रिटेन 26.1 करोड़ यात्रियों के साथ तीसरे स्थान पर रहा। चौथे स्थान पर स्पेन रहा, जहां 24.1 करोड़ यात्रियों ने उड़ान भरी।
मुंबई-दिल्ली रूट रहा सातवें नंबर पर
2024 में भारत का मुंबई-दिल्ली रूट दुनिया के दस सबसे व्यस्त हवाई मार्गों में शामिल हुआ। इस मार्ग पर साल भर में करीब 59 लाख यात्रियों ने यात्रा की। रिपोर्ट में यह भी बताया गया है कि दुनिया के सबसे व्यस्त रूट्स में एशिया-प्रशांत क्षेत्र का वर्चस्व बना हुआ है। इस सूची में दक्षिण कोरिया का जेजू से सियोल मार्ग पहले स्थान पर रहा, जहां 1.32 करोड़ यात्रियों ने उड़ान भरी।