भारत और ओमान के बीच व्यापक आर्थिक साझेदारी समझौते (CEPA) पर बातचीत पूरी हो चुकी है। यह जानकारी वाणिज्य एवं उद्योग राज्य मंत्री जितिन प्रसाद ने राज्यसभा में कांग्रेस सांसद हेबी माथेर हिशाम के लिखित सवाल के जवाब में दी। उन्होंने बताया कि इस समझौते पर वार्ता वर्ष 2023 में शुरू हुई थी।
जितिन प्रसाद ने कहा कि भारत और ओमान के बीच मित्रता व सहयोग का लंबा इतिहास रहा है, जो आपसी विश्वास और सम्मान पर आधारित है। सदियों से दोनों देशों के लोगों के बीच मजबूत सांस्कृतिक और आर्थिक संबंध कायम हैं। 1955 में राजनयिक संबंध स्थापित होने के बाद द्विपक्षीय व्यापार और निवेश में लगातार वृद्धि हुई है। वर्ष 2008 में दोनों देशों के रिश्ते को रणनीतिक साझेदारी का दर्जा दिया गया। हालांकि, सरकार ने अभी इस समझौते पर हस्ताक्षर की तारीख घोषित नहीं की है।
पांच वर्षों में पांच बड़े एफटीए
राज्य मंत्री ने बताया कि पिछले पांच वर्षों में भारत ने पांच महत्वपूर्ण मुक्त व्यापार समझौतों (एफटीए) पर हस्ताक्षर किए हैं। इनमें 2021 का भारत-मॉरीशस व्यापक आर्थिक सहयोग एवं साझेदारी समझौता, 2022 का भारत-यूएई व्यापक आर्थिक साझेदारी समझौता और भारत-ऑस्ट्रेलिया आर्थिक सहयोग एवं व्यापार समझौता, 2024 का भारत-यूरोपीय संघ मुक्त व्यापार एवं आर्थिक साझेदारी समझौता और 2025 का भारत-यूके व्यापक आर्थिक एवं व्यापार समझौता शामिल हैं।
चल रही नई वार्ताएं
वर्तमान में भारत कई देशों के साथ मुक्त व्यापार समझौतों पर वार्ता कर रहा है। इनमें भारत-यूरोपीय संघ मुक्त व्यापार समझौता, भारत-ऑस्ट्रेलिया व्यापक आर्थिक सहयोग समझौता, भारत-श्रीलंका आर्थिक एवं प्रौद्योगिकी सहयोग समझौता, भारत-पेरू, भारत-चिली और भारत-न्यूजीलैंड के साथ मुक्त व्यापार समझौते, तथा अमेरिका के साथ द्विपक्षीय व्यापार समझौता शामिल हैं।