रूस-यूक्रेन युद्ध:यूक्रेन के तेल डिपो पर रूस ने किया मिसाइल से हमला, चारों ओर फैला धुआं

रूसी सेना का खेरसान में प्रशासन भवन पर कब्जा

रूसी सेना ने खेरसान में क्षेत्रीय प्रशासन भवन पर कब्जा कर लिया है। क्षेत्रीय गवर्नर हेनाडी लगुटा ने रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण शहर पर कब्जे को लेकर परस्पर विरोधी रिपोर्टों के बीच यह जानकारी दी। रूस के रक्षा मंत्रालय ने कहा कि उसने बुधवार को खेरसान पर कब्जा कर लिया है, लेकिन यूक्रेन ने कहा है कि उसकी सेना लगभग 250,000 आबादी वाले काला सागर बंदरगाह की रक्षा करना जारी रखेगी।

भारत को दी जाने वाली रक्षा प्रौद्योगिकी पर अमेरिकी राजनयिक का अहम बयान

अमेरिकी राजनयिक डोनाल्ड लू ने कहा कि भारत-रूस का शीत युद्ध से संबंध है, जैसे शीत युद्ध में पाकिस्तान के साथ हमारा गठबंधन महत्वपूर्ण था। लेकिन जैसे हम आगे बढ़ रहे हैं एक नया भारत, पाकिस्तान और नया रूस बनाया जा रहा है।  

यूक्रेन पर रूसी आक्रमण के बीच भारत पर सीएएटीएसए प्रतिबंध लगाए जाने के सवाल पर लू ने कहा कि हम यह समझने की प्रक्रिया में हैं कि क्या भारत के साथ साझा की जाने वाली रक्षा प्रौद्योगिकी रूस के साथ उसके ऐतिहासिक संबंधों को देखते हुए सुरक्षित रखी जा सकेगी।  

आइकिया ने रूस, बेलारूस के संचालन को निलंबित किया

स्वीडिश फर्नीचर कंपनी आइकिया ने गुरुवार को कहा कि वह रूस और बेलारूस में अपनी गतिविधियों को निलंबित कर रही है। इससे लगभग 15,000 कर्मचारी, 17 स्टोर और तीन उत्पादन स्थल प्रभावित होंगे। कंपनी ने एएफपी को दिए एक बयान में कहा कि युद्ध का पहले से ही एक बड़ा मानवीय प्रभाव पड़ा है। इसके कारण सप्लाई चेन और व्यापार की स्थितियों में गंभीर बाधा पैदा हुई है। इन सभी कारणों से आइकिया ने रूस में परिचालन को अस्थायी रूप से रोकने का फैसला किया है। 

रूसी अरबपति उस्मानोव की सुपरयाच जब्त

रिपोर्ट के मुताबिक, जर्मन अधिकारियों ने हैम्बर्ग शिपयार्ड में रूसी अरबपति अलीशर उस्मानोव से जुड़ी 600 मिलियन डॉलर कीमत की सुपरयाच को जब्त कर लिया है। उस्मानोव रूस पर यूरोपीय संघ से प्रतिबंधों का सामना करने वाले अरबपतियों की सूची में थे। यह कार्रवाई फ्रांसीसी वित्त मंत्री ब्रूनो ले मायेर के उस बयान के बाद हुई जिसमें उन्होंने कहा था कि फ्रांस ने ला सिओटैट के भूमध्यसागरीय बंदरगाह में रोसनेफ्ट के बॉस इगोर सेचिन से जुड़ी एक याच को जब्त कर लिया है। 

वित्त मंत्रालय ने कहा कि याच का स्वामित्व एक कंपनी के पास था, जिसके मुख्य शेयरधारक के रूप में सेचिन की पहचान की गई थी। उस्मानोव की 156 मीटर लंबी याच की कीमत 600 मिलियन डॉलर है और इसे भार के हिसाब से दुनिया में सबसे बड़ा मोटर याच माना जाता है। इस याच को जर्मनी के अधिकारियों ने बुधवार को जब्त कर लिया।

बांग्लादेशी जहाज पर मिसाइल हमला, इंजीनियर की मौत

ओल्विया के यूक्रेनी काला सागर बंदरगाह पर एक मिसाइल या बम ने एक बांग्लादेशी स्वामित्व वाले मालवाहक जहाज पर हमला किया जिससे उसके चालक दल के एक सदस्य की मौत हो गई। जहाज में दूसरों को बचाने के प्रयास चल रहे हैं। राज्य द्वारा संचालित जहाज के मालिक ने गुरुवार को यह जानकारी दी।  बांग्लादेश शिपिंग कॉर्प के कार्यकारी निदेशक पीयूष दत्ता ने रॉयटर्स को बताया कि जहाज पर हमला हुआ और एक इंजीनियर की मौत हो गई। यह स्पष्ट नहीं हुआ कि यह बम था या मिसाइल। चालक दल के 28 अन्य सदस्यों को कोई नुकसान नहीं हुआ है।  

यूक्रेन की स्थिति बिगड़ी तो उठाएंगे रूस के खिलाफ और सख्त कदम: यूरोपीय यूनियन

यूरोपीय यूनियन की अध्यक्ष उर्सुला वॉन डेर लियेन ने गुरुवार को कहा कि अगर यूक्रेन में स्थिति बिगड़ती है तो यूरोपीय संघ रूस के खिलाफ अतिरिक्त कदम उठाएगा। ईयू रूस की बदले की कार्रवाई को लेकर भी तैयारी कर रहा है, जिसमें अपनी ऊर्जा आपूर्ति में विविधता लाना शामिल है। लियेन ने कहा कि हमारा उद्देश्य क्रेमलिन की अपने पड़ोसियों पर युद्ध छेड़ने की क्षमता में कटौती करना है। हमें रूसी गैस, तेल और कोयले से छुटकारा पाने की जरूरत है। इस मामले में आगे बढ़ने का हमारा संकल्प पहले से कहीं ज्यादा मजबूत है। 

रूसी विदेश मंत्री लावरोव बोले, हमने नहीं पश्चिमी देशों ने दी परमाणु युद्ध की धमकी

रूस के विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव ने कहा कि हमने नहीं बल्कि पश्चिमी देशों ने परमाणु युद्ध की बात की है। लावरोव ने कहा कि रूस के दिमाग में ऐसी कोई बात नहीं चल रही है।  

रूसी रेडियो स्टेशन ऑफ एयर किया गया

रूस के एखो मोस्किवी रेडियो स्टेशन से यूक्रेन पर रूसी हमले की कवरेज के बाद इसे ऑफ एयर कर दिया गया है। रेडियो स्टेशन के संपादक और रूस के प्रमुख पत्रकारों में से एक एलेक्सी वेनेडिक्टोव ने टेलीग्राम पर लिखा कि अधिकारियों ने पहले उन्हें संकेत दिया था कि ऐसा फैसला लिया जा सकता है। उन्होंने कहा कि एखो मोस्किवी के निदेशक मंडल ने बहुमत से इस रेडियो चैनल और वेबसाइट को बंद करने का फैसला किया है। गजप्रोम मीडिया होल्डिंग की प्रेस सेवा ने रूस की सरकारी समाचार एजेंसी टीएएसएस को इस जानकारी की पुष्टि की है।

चार आईएएफ सी-17 विमानों ने 798 भारतीयों को निकाला 

भारतीय वायु सेना ने बताया कि ऑपरेशन गंगा के तहत पहले चार आईएएफ सी-17 विमानों ने रोमानिया, हंगरी और पोलैंड के हवाई क्षेत्रों का उपयोग करके 798 भारतीय नागरिकों को निकाला। इन्होंने 9.7 टन राहत सामग्री की भी आपूर्ति की।  

स्लोवाकिया से भारतीय छात्रों का एक समूह रवाना

केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने कोसिके, स्लोवाकिया में यूक्रेन से निकाले गए भारतीय छात्रों के एक समूह को रवाना किया। 

तुम्हारी लाशों से ढंकना नहीं चाहता अपनी जमीन:यूक्रेनी राष्ट्रपति 

यूक्रेनी राष्ट्रपति जेलेंस्की ने रूसी सैनिकों को चेतावनी देते हुए यूक्रेन को जल्द से जल्द छोड़ने के लिए कहा है। जेलेंस्की ने कहा कि मैं अपनी जमीन तुम्हारी लाशों से ढंकना नहीं चाहता|  

यूक्रेन के तेल डिपो पर रूस ने किया मिसाइल से हमला

रूस ने यू्क्रेन को अब आर्थिक रूप से तबाह करना शुरू कर दिया है। ताजा जानकारी के अनुसार रूस ने यूक्रेन के Chernihiv तेल डिपो पर मिसाइल से हमला बोल दिया है।

रूसी और बेलारूस के एथलीटों पर प्रतिबंध

अंतर्राष्ट्रीय पैरालंपिक समिति (आईपीसी) ने रूस के खिलाफ कड़ा फैसला लिया है। इसके तहत शीतकालीन पैरालिंपिक से रूसी और बेलारूस के एथलीटों पर प्रतिबंध लगा दिया गया है। 

यूक्रेन को 2,700 और हवा-रोधी मिसाइलें देगा जर्मनी

रूस द्वारा आक्रामक हमले के बीच यूक्रेन को जर्मनी का साथ मिला है। दरअसल, जर्मनी यूक्रेन को 2700 और हवा-रोधी मिसाइलें देगा।

खारकीव में रूस की भारी बमबारी, बच्चों समेत आठ लोगों की मौत

नेक्स्ट न्यूज के मुताबिक खारकीव में रूस की भारी बमबारी जारी है। वहां बच्चों समेत आठ लोगों की मौत हो गई है। 

यूक्रेन संकट पर चर्चा करने के लिए राहुल गांधी विदेश मंत्रालय पहुंचे

यूक्रेन संकट पर चर्चा करने के लिए कांग्रेस नेता राहुल गांधी विदेश मामलों पर संसद की सलाहकार समिति में शामिल होने के लिए विदेश मंत्रालय पहुंचे। विदेश मंत्री डॉ. एस जयशंकर संसद की बैठक की समिति को जानकारी देंगे।

ऑपरेशन गंगा के तहत 3726 भारतीयों को आज देश वापस लाया जाएगा

केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री ज्योतिरादित्य एम. सिंधिया ने कहा कि ऑपरेशन गंगा के तहत 3726 भारतीयों को आज रोमानिया की राजधानी बुखारेस्ट से भारत वापस लाया जाएगा। इन सभी को लाने में बुखारेस्ट से 8 उड़ानें, सुसेवा से 2, कोसिसे से 1 फ्लाइट, बुडापेस्ट से 5 और रेजजो से 3 उड़ानें संचालित की जाएंगी।

यूक्रेन के 15 शहरों पर हवाई हमलों का अलर्ट जारी

रूस के ताबड़तोड़ हमले के बीच यूक्रेन के 15 शहरों पर हवाई हमलों का अलर्ट जारी किया गया है। अब तक डर से 10 लाख लोगों ने यूक्रेन छोड़ दिया है। 

निकासी अभियान के लिए वायुसेना की तीन और उड़ानें 

भारतीय वायु सेना के प्रवक्ता ने जानकारी देते हुए कहा कि भारतीय नागरिकों को निकालने के लिए आज भारतीय वायुसेना, यूक्रेन के पड़ोसी देशों में विभिन्न स्थानों के लिए तीन और उड़ानें संचालित कर रही है।

ऐसा लगा कोई छोटा परमाणु बम फटा हो

रूस ने राजधानी कीव में फिर से सिलसिलेवार धमाके किए हैं। लोगों में दहशत का माहौल है। धमाके इतनी आवाज के साथ हुई कि लोगों को लगा कोई छोटा परमाणु बम फटा हो। घर में रह रहे बच्चों के साथ-साथ बड़े लोग भी रोने लगे। सभी जान बचाने के खातिर इधर-उधर भाग रहे हैं।

यूक्रेन छोड़ने वाले नागरिकों की संख्या 10 लाख के पार पहुंची

रूस और यूक्रेन के बीच चल रही जंग की वजह से 10 लाख से अधिक नागरिकों ने यूक्रेन छोड़ दिया है। UNHCR के मुताबिक एक हफ्ते में यूक्रेनी जनसंख्या के दो फीसदी लोगों ने डर से जगह छोड़ दिया।

यूक्रेन में छात्रों को बंधक बनाने पर विदेश मंत्रालय ने दिया जवाब

विदेश मंत्रालय ने कहा है कि यूक्रेन में हमारा दूतावास वहां फंसे भारतीय नागरिकों के साथ लगातार संपर्क में हैं। अधिकारियों ने कहा कि यूक्रेनी अधिकारियों के सहयोग से, कई भारतीय छात्रों ने कल खार्किव छोड़ दिया है। हमें किसी भी बंधक स्थिति की कोई रिपोर्ट नहीं मिली है। बता दें की रूस ने यूक्रेनी सेना पर भारतीय छात्रों को बंधक बनाने का आरोप लगाया था।

यूक्रेन में अब तक 752 लोगों की गई जान: संयुक्त राष्ट्र महासभा

संयुक्त राष्ट्र महासभा के आंकड़े के अनुसार यूक्रेन में रूसी हमले में अब तक 752 लोगों की मौत हो गई है। यह आंकड़ा एक मार्च तक का है।

यूक्रेन में बांग्लादेशी जहाज पर रूस ने किया मिसाइल से अटैक

यूक्रेनी मीडिया के मुताबिक एक बांग्लादेशी जहाज पर भी रूस ने मिसाइल से अटैक कर दिया है। इस हमले में एक व्यक्ति की जान चली गई।

रूस ने खेरसॉन पर कब्जा किया: यूक्रेन

रूसी सैनिकों ने यूक्रेन में रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण शहर खेरसॉन पर कब्जा कर लिया है। यूक्रेन ने इसकी आधिकारिक रूप से पुष्टि कर दी है। 

यूक्रेन में हवाई हमले का अलर्ट जारी

यूक्रेन में हवाई हमले का अलर्ट जारी किया गया है। लोगों से घर में रहने की अपील की गई है।

एक छोटे रेलवे स्टेशन को मिसाइल से उड़ाया

ताजा जानकारी के अनुसार रूस अब यूक्रेन की सार्वजनिक संपत्ति को भी नुकसान पहुंचाना शुरू कर दिया है। बताया जा रहा है कि कीव स्थित सेंट्रल रेलवे स्टेशन को भी मिसाइल से उड़ा दिया है।

यूक्रेन के रक्षा मंत्रालय के पास रूस का हमला

यूक्रेन की राजधानी कीव पर रूस ने बड़ा हवाई हमला किया है। इसके तहत रक्षा मंत्रालय  के पास भी बमबारी की गई है।  

खेरसॉन शहर पर रूसी सेना का कब्जा, कीव के सेंट्रल रेलवे स्टेशन को उड़ाया

रूस और यूक्रेन के बीच आज युद्ध का आठवां दिन है। रूस की ओर से अभी भी ताबड़तोड़ हमले किए जा रहे हैं। इस बीच संयुक्त राष्ट्र महासभा ने एक प्रस्ताव पास कर रूसी सेना को यूक्रेन से बाहर जाने के लिए कहा है। इसके अलावा यूक्रेन में हवाई हमले का अलर्ट जारी किया गया है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here