चेन्नई सुपरकिंग्स के कप्तान रवींद्र जडेजा ने शनिवार (30 अप्रैल) को अपना पद छोड़ दिया है। टूर्नामेंट शुरू होने से ठीक पहले कप्तानी छोड़ने वाले महेंद्र सिंह धोनी फिर से टीम की कमान संभालेंगे। जडेजा कप्तानी का दबाव नहीं झेल पाए। उन्होंने बल्लेबाजी पर ध्यान देने के लिए धोनी को फिर से कप्तानी सौंप दी। चेन्नई की टीम मौजूदा सीजन में अब तक सिर्फ दो मैचों में जीती है। टीम आठ मुकाबलों में छह हार के साथ नौवें स्थान पर है।
धोनी बतौर कप्तान रविवार को सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ होने वाले मैच में उतरेंगे। उन्होंने आईपीएल शुरू होने से दो दिन पहले कप्तानी से हटने का फैसला किया था। धोनी आईपीएल इतिहास के दूसरे सफल कप्तान हैं। उनके नेतृत्व में सीएसके ने 2010, 2011, 2018 और 2021 में चार बार खिताब जीता। धोनी की अगुआई में चेन्नई ने 121 मैच जीते।
चेन्नई सुपरकिंग्स ने अपने बयान में कहा- जडेजा ने खेल पर ध्यान केंद्रित करने के लिए कप्तानी से हटने का फैसला किया है। उन्होंने महेंद्र सिंह धोनी से फिर कप्तानी करने का अनुरोध किया है। धोनी ने टीम के हित में इसे स्वीकार कर लिया है।
जडेजा ने मौजूदा सीजन में 92 गेंदों का सामना किया है और 112 रन बनाए हैं। उनका स्ट्राइक रेट 121.7 का रहा है। गेंदबाजी में भी जडेजा कुछ कमाल नहीं दिखा पाए। उन्होंने 8.19 की इकॉनमी रेट से पांच विकेट लिए।
आईपीएल 2022 में चेन्नई का प्रदर्शन
खिलाफ | नतीजा |
कोलकाता नाइटराइडर्स | हार |
लखनऊ सुपर जाएंट्स | हार |
पंजाब किंग्स | हार |
सनराइजर्स हैदराबाद | हार |
रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर | जीत |
गुजरात टाइटंस | हार |
मुंबई इंडियंस | जीत |
पंजाब किंग्स | हार |