मुंबई एयरपोर्ट पर टला बड़ा हादसा, टेकऑफ से पहले विमान से टकराया कंटेनर वाहन


मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराज अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर सोमवार सुबह एक गंभीर दुर्घटना टल गई। अकासा एयरलाइंस की दिल्ली जाने वाली उड़ान QP1410 के रवाना होने से पहले एक कार्गो कंटेनर वाहन विमान के दाहिने पंख से टकरा गया, जिससे विमान और वाहन दोनों को क्षति पहुंची। इस घटना के बाद विमान को ‘एयरक्राफ्ट ऑन ग्राउंड’ (AOG) घोषित कर वैकल्पिक उड़ान की व्यवस्था की गई।

यह घटना तड़के लगभग 4:54 बजे की है, जब अकासा की बेंगलुरु से मुंबई पहुंची उड़ान QP1736 को बेव A-7 पर खड़ा किया गया था। इसी विमान से बाद में QP1410 उड़ान भरनी थी। यात्रियों के सवार होने से पहले, कार्गो उतारने की प्रक्रिया के दौरान, बीडब्ल्यूएफएस (Bird Worldwide Flight Services) का एक कंटेनर वाहन विमान के पंख से जा भिड़ा।

तकनीकी कारणों से विमान को AOG घोषित किया गया
टक्कर के बाद की गई जांच में यह स्पष्ट हुआ कि विमान तत्काल उड़ान योग्य नहीं है, जिसके बाद उसे AOG घोषित कर दिया गया। अकासा एयरलाइंस ने वैकल्पिक विमान (VT-VBB) की व्यवस्था की, जिसे बेव V17R पर खड़ा किया गया था। यात्रियों को गेट-29 से बस द्वारा वैकल्पिक विमान तक पहुंचाया गया।

हालांकि इस घटना में किसी यात्री को चोट नहीं पहुंची और समय पर वैकल्पिक इंतज़ाम कर उड़ान रवाना कर दी गई, लेकिन यह हादसा एयरसाइड सुरक्षा को लेकर कई सवाल जरूर खड़े करता है। एयरलाइंस और हवाई अड्डा प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

अहमदाबाद में भी हुआ था विमान हादसा
उल्लेखनीय है कि पिछले महीने 12 जून को अहमदाबाद से लंदन जा रही एयर इंडिया की फ्लाइट AI-171 टेकऑफ के कुछ ही समय बाद एक मेडिकल हॉस्टल की इमारत से टकरा गई थी। उस भयावह दुर्घटना में 270 लोगों की जान चली गई थी, जिनमें 29 मेडिकल छात्र भी शामिल थे। इस हादसे में केवल एक यात्री ही जीवित बचा था।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here