मुकेश अंबानी की मां कोकिलाबेन की तबीयत बिगड़ी, साउथ मुंबई के अस्पताल में भर्ती

देश के सबसे अमीर व्यक्ति मुकेश अंबानी की 91 वर्षीय मां कोकिलाबेन अंबानी की तबीयत शुक्रवार सुबह अचानक खराब हो गई। गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें साउथ मुंबई स्थित HN रिलायंस फाउंडेशन अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जो अंबानी परिवार का ही है।

अंबानी परिवार या अस्पताल की ओर से कोकिलाबेन अंबानी की स्वास्थ्य स्थिति पर अभी तक कोई आधिकारिक जानकारी नहीं आई है। हालांकि, मेडिकल रिपोर्ट्स में कहा गया है कि उम्र से संबंधित जटिलताओं के कारण उनकी हालत गंभीर बनी हुई है और एक वरिष्ठ चिकित्सक टीम उनकी लगातार निगरानी कर रही है।

अस्पताल पहुंचे अंबानी परिवार के सदस्य
अस्पताल में उनकी तबीयत की खबर फैलते ही मुकेश अंबानी और अनिल अंबानी समेत पूरा परिवार अस्पताल पहुंच गया। सोशल मीडिया पर उनका अस्पताल पहुंचने का वीडियो भी वायरल हुआ, जिसमें परिवार के लोग अस्पताल परिसर में प्रवेश करते दिखाई दे रहे हैं।

कोकिलाबेन अंबानी के बारे में
कोकिलाबेन अंबानी भारत के सबसे अमीर और प्रसिद्ध उद्योगपति परिवार की वरिष्ठ सदस्य हैं। उनका जन्म 24 फरवरी 1934 को जामनगर, गुजरात में हुआ था। उन्होंने 1955 में धीरूभाई अंबानी से विवाह किया और उनके चार बच्चे हैं: मुकेश अंबानी, अनिल अंबानी, नीना कोठारी और दिव्यती सल्गाओकर। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, कोकिलाबेन अंबानी की व्यक्तिगत संपत्ति लगभग ₹18,000 करोड़ आंकी गई है। उनके पास Reliance Industries में लगभग 1.57 करोड़ शेयर हैं, जो कंपनी की कुल हिस्सेदारी का 0.24% है और यह मुकेश अंबानी की तुलना में दोगुनी है।

धीरूभाई अंबानी के निधन के बाद परिवार में बिज़नेस के बंटवारे को लेकर मतभेद पैदा हुए थे। कोकिलाबेन ने इस विवाद को सुलझाने में अहम भूमिका निभाई और दोनों बेटों के बीच जिम्मेदारियों और संपत्तियों का सही तरीके से बंटवारा सुनिश्चित किया, जिससे परिवार में शांति बनी रही। वे हमेशा अपने बड़े बेटे मुकेश अंबानी और उनके परिवार के साथ एंटीलिया में ही रहती आई हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here