फरीदाबाद। हरियाणा के बल्लभगढ़ के दशहरा मैदान में निकिता हत्याकांड को लेकर आज महापंचायत बुलाई गई थी। इसमें विभिन्न राजनीतिक दलों के साथ ही निकिता के परिजन भी शामिल थे। दशहरा मैदान में पंचायत चल रही थी कि इस दौरान कुछ दूसरे संगठन के लोग वहां पहुंच गए। देखते ही देखते नारेबाजी शुरू हो गया और लोग कहने लगे कि इसको लेकर राजनीति हो रही है। उन्होंने भाजपाई और कांग्रेसियों पर इस मामले के राजनीतिकरण किए जाने का आरोप लगाया और हंगामा शुरू कर दिया।
इसके बाद यह विभिन्न दल बल्लभगढ़ में हाईवे पर पहुंचे और जाम लगा दिया। हाईवे पर जाम लगने की सूचना मिलते ही पुलिस बल भी मौके पर पहुंची। हाईवे जाम करने वाले युवाओं ने एक होटल में तोड़फोड़ की। इसके बाद होटल के लोगों ने जाम लगा रहे लोगों पर पथराव कर दिया।
इस तरह मामले ने सांप्रदायिक रूप ले लिया। मौके पर पहुंची पुलिस ने युवाओं को समझाने का प्रयास लेकिन भीड़ नहीं माना और उन्होंने पुलिस वालों पर पथराव कर दिया। इसके बाद पुलिस ने लाठीचार्ज कर युवाओं खदेड़ा। बता दें कि, बल्लभगढ़ के अग्रवाल कॉलेज के बाहर सोमवार को शाम करीब चार बजे होनहार छात्रा निकिता तोमर की हत्या कर दी गई थी। निकिता, बीकॉम अंतिम वर्ष की छात्रा थी। मुख्य आरोपी तौसीफ और उसके साथी रेहान ने पहले निकिता को अगवा करने की कोशिश की थी और नाकाम होने पर गोली मार दी थी।