एनआरआई उद्योगपति लॉर्ड स्वराज पॉल का 94 वर्ष की आयु में लंदन में निधन

प्रमुख एनआरआई उद्योगपति और कैपारो ग्रुप ऑफ इंडस्ट्रीज के संस्थापक लॉर्ड स्वराज पॉल का बृहस्पतिवार शाम (स्थानीय समयानुसार) लंदन में निधन हो गया। पारिवारिक सूत्रों के अनुसार, वह 94 वर्ष के थे। बीमार पड़ने के बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां परिवार के सदस्यों की मौजूदगी में उन्होंने अंतिम सांस ली।

पंजाब के जालंधर में जन्मे पॉल 1960 के दशक में अपनी छोटी बेटी अंबिका के कैंसर के इलाज के लिए ब्रिटेन गए थे। चार साल की उम्र में बेटी की मृत्यु के बाद उन्होंने अंबिका पॉल फाउंडेशन की स्थापना की, जो शिक्षा और स्वास्थ्य के माध्यम से बच्चों और युवाओं के कल्याण के लिए लाखों डॉलर का योगदान देता रहा।

लॉर्ड पॉल ने अपने जीवन में कई दुख झेले। उन्होंने 2015 में अपने बेटे अंगद पॉल और 2022 में पत्नी अरुणा को खोया। फरवरी 2023 में उन्होंने लंदन के इंडियन जिमखाना क्लब में अपनी पत्नी की याद में लेडी अरुणा स्वराज पॉल हॉल का उद्घाटन किया।

लॉर्ड पॉल संडे टाइम्स रिच लिस्ट में नियमित रूप से शामिल रहते थे। इस वर्ष उनकी संपत्ति लगभग 2 बिलियन पाउंड (GBP) आंकी गई थी, और उन्हें 81वें स्थान पर रखा गया। कैपारो समूह, जिसका मुख्यालय लंदन में है, स्टील और इंजीनियरिंग के क्षेत्र में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सक्रिय है और इसका संचालन यूके, उत्तरी अमेरिका, भारत और मध्य पूर्व में होता है। उनके बेटे आकाश पॉल कैपारो इंडिया के अध्यक्ष और समूह के निदेशक हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here