ट्रेन से यात्रा करने वाले यात्रियों के लिए बड़ा बदलाव आने वाला है। अब विमानों की तरह, ट्रेन में तय सीमा से ज्यादा सामान लेने पर यात्रियों को अतिरिक्त किराया देना होगा। इसके लिए उत्तर मध्य रेलवे प्रयागराज मंडल के जंक्शन और अन्य प्रमुख स्टेशनों पर इलेक्ट्रॉनिक वजन मशीनें लगाकर सामान की जांच करेगी।
सामान का वजन और चार्ज
संपत्ति का वजन तय मानक से अधिक होने पर यात्रियों को अतिरिक्त शुल्क देना होगा। अगर कोई यात्री एडवांस बुकिंग में अधिक सामान का चार्ज चुका देता है, तो उसे यात्रा में कोई दिक्कत नहीं होगी। वहीं, यदि तय सीमा से अधिक सामान लेकर यात्रा की जाती है और चार्ज नहीं भरा गया है, तो जुर्माना लगाया जाएगा।
व्यवस्था लागू होने वाले स्टेशन
प्रारंभिक तौर पर यह नियम प्रयागराज मंडल के प्रमुख स्टेशनों पर लागू किया जाएगा। इसमें शामिल हैं: प्रयागराज जंक्शन, प्रयागराज छिवकी, सूबेदारगंज, कानपुर सेंट्रल, मिर्जापुर, टूंडला, अलीगढ़ जंक्शन, गोविंदपुरी और इटावा। इन स्टेशनों पर इलेक्ट्रॉनिक लगेज मशीनें लगाई जाएंगी और यात्रियों का सामान जांचा जाएगा।
लगेज का साइज भी होगा जांच का हिस्सा
प्रयागराज मंडल के सीनियर डीसीएम हिमांशु शुक्ला ने बताया कि अगर किसी का सामान तय वजन से कम होने के बावजूद आकार में बहुत बड़ा होगा, तो अधिक जगह घेरने के कारण जुर्माना लगाया जाएगा। इसका दर सामान्य नियम से अधिक होगा।
कोच के हिसाब से लगेज सीमा
- फर्स्ट एसी: 70 किलो
- सेकंड एसी: 50 किलो
- थर्ड एसी: 40 किलो
- स्लीपर क्लास: 40 किलो
- जनरल और सेकंड सिटिंग: 35 किलो
रेलवे का बयान
रेलवे ने कहा है कि यह नियम यात्रियों की सुरक्षा और सुविधा को ध्यान में रखते हुए बनाया गया है और सभी पर समान रूप से लागू होगा। अधिक सामान ले जाने वाले यात्री पहले से बुकिंग करा सकते हैं, ताकि यात्रा के दौरान किसी प्रकार की समस्या न आए।