पूर्व मुख्यमंत्री शिबू सोरेन के निधन पर राष्ट्रपति और पीएम ने किए अंतिम दर्शन

झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री और झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के संरक्षक शिबू सोरेन का शनिवार को दिल्ली के एक निजी अस्पताल में निधन हो गया। वे किडनी संबंधी बीमारी से पीड़ित थे और पिछले एक महीने से अधिक समय से दिल्ली के सर गंगाराम अस्पताल में भर्ती थे। अस्पताल के अनुसार, उन्होंने सुबह 8:56 बजे अंतिम सांस ली। लंबे समय से वह जीवन रक्षक प्रणाली पर थे और करीब डेढ़ महीने पहले उन्हें स्ट्रोक भी आया था।

उनके निधन की सूचना मिलते ही राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अस्पताल पहुंचे और अंतिम दर्शन कर परिजनों को सांत्वना दी। राष्ट्रपति मुर्मू ने कहा कि शिबू सोरेन का निधन सामाजिक न्याय की दिशा में एक अपूरणीय क्षति है। उन्होंने आदिवासी पहचान और झारखंड के गठन के लिए जो संघर्ष किया, उसे कभी भुलाया नहीं जा सकेगा।

प्रधानमंत्री मोदी ने ‘एक्स’ (पूर्व ट्विटर) पर संवेदना जताते हुए कहा, “शिबू सोरेन एक जमीनी नेता थे, जिन्होंने आदिवासी समुदाय, गरीबों और वंचितों के अधिकारों के लिए जीवन समर्पित किया। वे जनता के बीच रहकर उनकी भलाई के लिए निरंतर सक्रिय रहे।”

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने सोशल मीडिया पर शोक व्यक्त करते हुए लिखा, “आदरणीय दिशोम गुरुजी हम सबको छोड़कर चले गए… मैं आज शून्य हो गया हूं।” उन्होंने बताया कि उनके पार्थिव शरीर को शाम करीब 4 बजे रांची लाया जाएगा और मोरहाबादी स्थित आवास पर अंतिम दर्शन के लिए रखा जाएगा। मंगलवार सुबह 11 बजे पार्थिव शरीर को झारखंड विधानसभा ले जाया जाएगा, जिसके बाद अंतिम संस्कार उनके पैतृक गांव नेमरा (रामगढ़ जिला) में किया जाएगा।

शिबू सोरेन के निधन पर केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा, “उन्होंने अपना जीवन वंचितों के कल्याण और झारखंड की पहचान को मजबूत करने में लगा दिया। उनकी विरासत सदैव प्रेरणास्रोत बनी रहेगी।”

सांसद निशिकांत दुबे ने संसद भवन में कहा कि उन्होंने शिबू सोरेन के साथ कार्य किया है और उन्हें एक मजबूत जननेता के रूप में देखा है, जिनकी भूमिका झारखंड की राजनीति में ऐतिहासिक रही है।

राजनीतिक जगत के अनेक नेताओं ने भी शिबू सोरेन को श्रद्धांजलि दी और उन्हें एक ऐसा व्यक्तित्व बताया, जिन्होंने आदिवासियों के अधिकारों की रक्षा और राज्य के निर्माण में अहम भूमिका निभाई।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here