कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी रविवार को पंजाब के दौरे पर पहुंचीं। सबसे पहले वह कोटकपूरा की नई अनाज मंडी में पार्टी उम्मीदवार अजयपाल सिंह संधू के हक में चुनावी जनसभा को संबोधित करने पहुंचीं। इस दौरान उन्होंने आप के दिल्ली मॉडल पर सवाल उठाए और उसकी तुलना भाजपा के गुजरात मॉडल से की। प्रियंका गांधी ने कहा कि आम आदमी पार्टी आरएसएस से निकली है…दिल्ली में शैक्षणिक और स्वास्थ्य संस्थानों के नाम पर कुछ भी नहीं है। राजनीतिक दलों और उनके नेताओं के बारे में सच्चाई जानना महत्वपूर्ण है।
लोगों को संबोधित करते हुए प्रियंका गांधी ने कहा कि मैं पंजाबी परिवार में विवाहित हूं। मेरे बच्चों में पंजाबी खून है। पंजाबी बड़ी शिद्दत से लड़ते है और कृषि कानून रद करवाने के लिए किए संघर्ष में उन्होंने ये साबित भी किया है।
कैप्टन अमरिंदर सिंह का नाम लिए बिना प्रियंका गांधी ने कहा कि पंजाब में पहले भी कांग्रेस सरकार की थी लेकिन वह पंजाब से नहीं बल्कि दिल्ली में भाजपा के इशारे पर चलती थी जिसके चलते ही उन्हें चन्नी को आगे लाने की जरूरत पड़ी। चन्नी को आगे आने पर वह खुद ही बेनकाब हो चुके हैं। उन्होंने कहा कि साल 2014 में भाजपा ने गुजरात मॉडल को सामने रखकर केंद्र में सरकार बनाई लेकिन नतीजा आपके सामने है। उसी तर्ज पर अब आम आदमी पार्टी की तरफ से दिल्ली मॉडल पेश करके पंजाब के लोगों को ठगने की कोशिश की जा रही है। विज्ञापनों में दिखाए जा रहे दिल्ली मॉडल में रत्ती भर भी सच्चाई नहीं है।
चन्नी की तारीफ
उन्होंने मुख्यमंत्री चरनजीत सिंह चन्नी व उनकी सरकार की प्रशंसा करते हुए कहा कि वह दिन रात मेहनत कर रहे है और अल्प समय में भी बहुत कुछ करके दिखाया है। उन्हें 5 साल का मौका दिया जाना चाहिए। प्रियंका गांधी ने राज्य में कांग्रेस की दोबारा सरकार बनने पर एक लाख लोगों को रोजगार देने, गृहस्थ महिलाओं को 11 सौ रुपये प्रतिमाह देने, जरूरतमंद परिवारों को हर साल 8 गैस सिलिंडर मुफ्त देने के साथ साथ सरकारी अस्पतालों में 20 लाख तक के मुफ्त इलाज की सुविधा देने, राज्य रोजगार योजना के तहत हर व्यक्ति को 100 दिन का रोजगार देने, आंगनबाड़ी वर्करों को 10 हजार रुपये प्रतिमाह मानदेय देने और स्कूली छाक्षाओं को स्मार्ट फोन व लैपटॉप देने के वादे किए। जनसभा में पंजाब कांग्रेस के कार्यकारी प्रधान पवन गोयल, कोटकपूरा से उम्मीदवार अजयपाल सिंह संधू, जैतो से उम्मीदवार दर्शन सिंह ढिलवां, मुक्तसर से उम्मीदवार कर्ण बराड़, पूर्व मंत्री उपेंद्र शर्मा आदि भी हाजिर रहे।
इसके बाद एक सवाल के जवाब में प्रियंका ने कहा कि मैं अपने भाई राहुल गांधी के लिए जान दे सकती हूं और वह भी मेरे लिए ऐसा कर सकते हैं। संघर्ष भाजपा में है, कांग्रेस में नहीं। योगी जी, मोदी जी और अमित शाह के बीच हितों का टकराव हो सकता है।
जनसभा में नहीं आए चन्नी व सिद्धू
प्रियंका गांधी के पंजाब दौरे की पहली जनसभा में मुख्यमंत्री चरनजीत सिंह चन्नी, पंजाब प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रधान नवजोत सिंह सिद्धू, फरीदकोट से सांसद मोहम्मद सदीक सहित सीनियर नेता नहीं पहुंचे। यहां तक फरीदकोट से कांग्रेस उम्मीदवार कुशलदीप सिंह किक्की ढिल्लों भी नहीं पहुंचे जबकि जैतो से उम्मीदवार दर्शन सिंह ढिलवां भी काफी देर से आए। हालांकि इस बारे में पंजाब कांग्रेस के कार्यकारी प्रधान पवन गोयल ने तर्क दिया कि चुनावी व्यस्ता के कारण यह लोग नहीं पहुंच पाए।