पंजाब: प्रियंका ने चन्नी के साथ रोपड़ में निकाला रोड शो

कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी मंगलवार को प्रचार के लिए रोपड़ पहुंचीं। प्रियंका गांधी ने रोपड़ में गुरुद्वारा श्री टिब्बी साहिब में माथा टेका।प्रियंका गांधी और पंजाब के मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी ने रूपनगर में ट्रैक्टर पर बैठकर रोड शो निकाला। इस दौरान प्रियंका गांधी ने कहा कि आपके सामने भाजपा और आप के नेता हैं- दोनों एक ही खेल खेलते हैं। दोनों एक जैसे हैं। नरेंद्र मोदी और अरविंद केजरीवाल को देखिए- इन दोनों की शुरुआत कहां से हुई? इन दोनों की शुरुआत आरएसएस से हुई थी। 

प्रियंका ने कहा कि इनमें से एक गुजरात मॉडल की बात करती है तो दूसरी दिल्ली मॉडल की। लेकिन आपने गुजरात मॉडल देखा। किसी को नौकरी नहीं मिली, किसी का धंधा ठीक नहीं चल रहा, किसी को कोई सहायता नहीं मिली। इसी तरह, दिल्ली मॉडल के तहत कोई नया अस्पताल या शैक्षणिक संस्थान नहीं बनाया गया, कोई नई नौकरी नहीं दी गई। उन्होंने भाजपा और आप पर निशाना साधते हुए कहा कि उनसे कहो कि मंच पर पगड़ी पहन लेने से कोई सरदार नहीं बन जाता। उन्हें बताओ कि असली सरदार कौन है। इस पगड़ी की मेहनत और हिम्मत के बारे में बताओ। उन्हें बताओ कि पंजाब पंजाबियों का है और वे इसे चलाएंगे।

अमृतसर में सिद्धू के लिए प्रचार करेंगी प्रियंका

रोपड़ में रैली के बाद वे अमृतसर ईस्ट में प्रदेश पार्टी प्रधान और उम्मीदवार नवजोत सिद्धू के लिए प्रचार करेंगी। प्रियंका बटाला रोड एरिया में रोड शो करेंगी। प्रियंका का अमृतसर में प्रचार इसलिए भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है क्योंकि रविवार को धूरी रैली में कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष नवजोत सिंह सिद्धू ने भाषण देने से इनकार कर दिया था। हालांकि रैली को सीएम चरणजीत सिंह चन्नी और सुनील जाखड़ ने संबोधित किया था। सियासी जानकार इसके गंभीर मायने निकाल रहे हैं। धूरी में रैली के दैरान प्रियंका गांधी के साथ मंच पर पंजाब के मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी और प्रदेश प्रधान नवजोत सिंह सिद्धू मौजूद रहे लेकिन सिद्धू का मंच पर तालमेल कम ही दिखाई दिया था। 

असहज सिद्धू की नाराजगी उस समय खुलकर सामने आई थी, जब उन्होंने भाषण देने से साफ इनकार कर दिया था। उनको खुद प्रियंका गांधी ने कांग्रेस नेता सुनील जाखड़ के भाषण के बाद मंच पर संबोधन के लिए इशारा किया था। जिसके बाद मंच संभाल रहीं कांग्रेस प्रत्याशी दलबीर सिंह गोल्डी की पत्नी सिमरन कौर खंगूड़ा ने उन्हें मंच पर आमंत्रित किया लेकिन सिद्धू ने इशारा कर इनकार कर दिया था। हालांकि सिद्धू कुर्सी से खड़े हुए और लोगों की तरफ दोनों हाथ जोड़ने के बाद बैठ गए। 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here