राजस्थान |दौसा जिले के बांदीकुई में सुबह 11 बजे दो साल की बच्ची 200 फीट गहरे बोरवेल में गिर गई। मासूम करीब 100 फीट की गहराई में फंसी है। हादसे के करीब डेढ़ घंटे बाद बच्ची तक ऑक्सीजन पहुंचाई गई। एसडीआरएफ और प्रशासन की टीमें बचाव कार्य में जुटी हुई हैं।
बंद करने के लिए खोला गया था बोरवेल
अंकिता जिस बोरवेल में गिरी है उसे दो साल पहले खोदा गया था, लेकिन पानी नहीं निकले के कारण ढक्कन लगाकर उसे बंद कर दिया। आज सुबह बोरवेल में मिट्टी भरने के लिए उसका ढक्कन खोला था। हादसे से पहले करीब 100 फीट तक मिट्टी भर दी गई थी। इसके बाद मासूम अंकिता खेलते-खेलते उसमें गिर गई।
कैमरा पकड़ने की कोशिश की
एसडीआरएफ सहित प्रशासन की अन्य टीमें रेस्क्यू ऑपरेशन अभियान में जुटी हुई हैं। सीसीटीवी कैमरे के जरिए बच्ची पर नजर रखी जा रही है। बच्ची को देखने के लिए बोरवेल में कैमरा डाला गया तो उसने उसे पकड़ने की भी कोशिश की। वह लगातार मूवमेंट कर रही है।
इस तरह घटा घटनाक्रम
बच्ची करीब 11 बजे बोरवेल में गिरी थी। जानकारी लगते ही इसकी सूचना पुलिस और प्रशासन को दी गई। 11:45 पर जेसीबी मौके पर पहुंची 12 बजे तहसीलदार मौके पर पहुंचे। करीब डेढ़ घंटे बाद 12:30 बजे बोरवेल में बच्ची के लिए ऑक्सीजन पहुंचाई गई। एक बारिश शुरू होने के कारण रेस्क्यू ऑपरेशन रोकना पड़ा। बरसात रुकने के बाद 1:30 एसडीआरएफ की टीम ने बचाव कार्य शुरू किया। 2 बजे के बाद बच्ची तक कैमरा पहुंचाया गया।
घर के पास है खुला हुआ बोरवेल
जानकारी के अनुसार आभानेरी गांव में देवनारायण गुर्जर की दो साल की बेटी अंकिता सुबह 11 बजे घर के बाहर खेल रही थी। इस दौरान वह घर के पास मौजूद खुले बोरवेल में गिर गई। कुछ देर तक परिजनों को इसकी जानकारी नहीं लगी। जब उन्हें कुछ देर तक बच्ची नहीं दिखी तो घरवालों ने उसकी तलाश की। इसी बीच उन्हें बोरवेल से उसके रोने की आवाज आई। बच्ची के बोरवेल में गिरने की जानकारी लगते ही हड़कंप मच गया।